प्रयागराज तक गूंजेगी जल संरक्षण की अलख, जालौन में पदयात्रा पर निकलीं जल सहेलियां
कालपी से प्रयागराज तक जल सहेलियों ने जल संरक्षण और नदी स्वच्छता का संदेश लेकर 352 किमी की पदयात्रा शुरू की। इस यात्रा का उद्देश्य जल के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना और महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करना है।
-1795944252014_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
कालपी से प्रयागराज तक 352 किमी की जल सहेली पदयात्रा।
जल संरक्षण, नदी स्वच्छता हेतु जन जागरूकता बढ़ाना मुख्य उद्देश्य।
जल संरक्षण अभियान में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करना।
संवाद सहयोगी, कालपी। जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और जल के प्रति जन जागरूकता का संदेश लेकर संगम नगरी प्रयागराज तक निकलने वाली जल सहेली पदयात्रा का शुभारंभ रविवार को नगर के मां वनखंडी देवी मंदिर परिसर से हुआ। सैकड़ों की संख्या में जल सहेलियों के साथ पुरुषों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। नगर से प्रयागराज तक 352 किलोमीटर लंबी पदयात्रा में झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा व जिले की जल सहेलियां शामिल हुईं।
मां वनखंडी देवी मंदिर से पदयात्रा धूमधाम के साथ यमुना किनारे स्थित पीला घाट पहुंची। यहां से पदयात्रा ने संगम नगरी प्रयागराज के लिए अपनी आगे की यात्रा प्रारंभ की। इस पदयात्रा का समापन प्रयागराज में होगा।
इसका प्रमुख उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जनमानस को जागरूक करना, नदियों व जलस्रोतों की स्वच्छता और सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाना व जल संरक्षण के अभियान में महिलाओं की भागीदारी को और अधिक मजबूत करना है। जल सहेलियों की यह पहल समाज को संदेश दे रही है कि जल ही जीवन है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
जन सहयोग से नदियां रह सकेंगी साफ
गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि बिना जन सहयोग से नदियां साफ नहीं की जा सकती हैं। सरकार करोड़ों खर्च कर योजनाएं बनाती है लेकिन जब तक लोग नदियों का संरक्षण नहीं करेंगे तब तक स्थिति नहीं बदलेगी। हम सभी को इसके लिए जिम्मेदारी लेनी होगी।
मध्य प्रदेश रेलवे पुलिस के महानिदेशक राजा बाबू सिंह ने कहा कि नदियों से हमारा जीवन है हम सभी को जीवदायिनी नदियों को हर हाल में साफ रखना होगा जिससे आने वाले समय में इनकी उपयोगिता सार्थक हो सके। सुरक्षा व्यवस्था में सीओ सदानंद सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह फोर्स के साथ मौजूद रहे।
पदयात्रा का उद्देश्य हो पूरा
कार्यक्रम में पहुंचे जिलाधिकारी समीर ने कहा कि इस यात्रा में सम्मिलित होकर बहुत अच्छा लग रहा है। जिस प्रकार जन जागरूकता का और समुदाय को अपने साथ जोड़कर एक स्थायी विकास का प्रयास जो प्रयास किया जा रहा है वह सराहनीय है। बुंदेलखंड में महिला की शक्ति और उनके दृढ़ निश्चय के कारण ही आगे बढ़ता है। यह पदयात्रा सफल व सुरक्षित हो और यात्रा का उद्देश्य पूरा हो इसके लिए वह बधाई देते हैं।
14 को प्रयागराज पहुंचेंगी जल सहेलियां
कार्यक्रम आयोजक परमार्थ संस्था के संजय सिंह ने बताया कि कालपी से प्रयागराज तक आयोजित यह पदयात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि जल संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक है। इसमें महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी यह दर्शाती है कि जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर समाज की महिलाएं भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। 352 किमी दूर प्रयागराज तक यह यात्रा 14 दिसंबर को पहुंचेगी।
अभियान से उम्मीद जताई जा रही है कि नदी, घाट और जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति लोगों में नई चेतना जागृत होगी। इस दौरान विधायक विनोद चतुर्वेदी, पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, पूर्व विधायक अरुण कुमार मेहरोत्रा, करन सिंह, वीरपाल सिंह, मनीष पांडेय, रवींद्र अवस्थी, रामकुमार जादौन सहित कई जल सहेलियां मौजूद रहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।