जालौन में झपकी आने से एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से भिड़ी बाइक, हादसे में युवक की हुई मौत
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मुहाना के पास बाइक डिवाइडर से टकराने से एक युवक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। महोबा से बरात से लौटते समय बाइक चला रहे कपिल को झपकी आने से यह दर्दनाक हादसा हुआ।
-1795859981967_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बाइक डिवाइडर से टकराई, एक की मौत।
महोबा से बरात से लौटते समय हुआ यह दर्दनाक हादसा।
बाइक चालक को झपकी आने से अनियंत्रित होकर टकराई।
जागरण संवाददाता, उरई। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब छह बजे मुहाना के पास युवक को झपकी आने से बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। पहुंचे बचाव दल ने घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कालेज भेजा, जहां बाइक चला रहे युवक को मृत घोषित कर दिया। दोनों युवक महोबा के ग्राम खन्ना से बरात से होकर बाइक से लौट रहे थे। घायल युवक के अनुसार बाइक की स्पीड 80 किमी प्रति घंटा थी।
डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम खरका निवासी 21 वर्षीय कपिल व 18 वर्षीय रूपेश अपने दोस्त हकीम की बरात में गुरुवार रात को बाइक से गए थे। दोनों बरात के बाद शुक्रवार सुबह घर लौट रहे थे। घायल रूपेश ने बताया कि जब उनकी बाइक एक्सप्रेसवे पर ग्राम मुहाना के पास पहुंची तो बाइक चला रहे कपिल को झपकी आ गई।
बाइक की रफ्तार 80 किमी प्रतिघंटा थी, इस कारण दोनों युवक गिर पड़े, कपिल हेलमेट लगाए था और सड़क पर आ गिरा और रूपेश बीच में गिरा। हादसे में दोनों घायल हो गए। पहुंचे बचाव दल ने तुरंत दोनों को उठाया और एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने कपिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि रूपेश का इलाज चल रहा है।
कपिल घर में इकलौता पुत्र था। उसके पिता महेंद्र व मां विमला देवी का रो रोकर बुरा हाल है। उप निरीक्षक शिवकरन सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- उरई में तेज धमाका, आग के साथ फटा सिलिंडर; 12 बच्चों समेत 23 लोग झुलसे