अधूरा रह गया सपना: आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर दुर्घटना का शिकार हुआ युवा क्रिकेटर अश्वनी; एकेडमी में शोक की लहर
हाथरस में आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर हुए सड़क हादसे में 15 वर्षीय युवा क्रिकेटर अश्वनी कुशवाह की दर्दनाक मृत्यु हो गई। वह अलीगढ़ से क्रिकेट खेलकर लौट रहा था, जिससे उसके परिवार और लक्ष्य क्रिकेट अकादमी में शोक की लहर है।
-1795749669195_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
15 वर्षीय क्रिकेटर अश्वनी कुशवाह की सड़क हादसे में मृत्यु।
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर नगला भूरा के पास हुआ हादसा।
लक्ष्य क्रिकेट अकादमी और परिवार में गहरा शोक व्याप्त।
जागरण संवाददाता, हाथरस। आगरा-अलीगढ़ हाईवे स्थित नगला भूरा के निकट हुए सड़क हादसे में कस्बा मेंडू निवासी 15 वर्षीय किशोर अश्वनी कुशवाह की दर्दनाक मृत्यु हो गई। हादसे के बाद से मृतक के स्वजन में मातम है। जिलाधिकारी ने भी छात्र की असमय मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना प्रकट की है। मेंडू निवासी सुरेंद्र सिंह का 16 वर्षीय पुत्र अश्वनी कुशवाह कक्षा 10 का छात्र था। उसके पिता मेंडू स्थित मंडी में सब्जी की आढ़त लगाते हैं।
स्वजन ने बताया कि अश्वनी को बचपन से ही क्रिकेट खेलने का बेहद शौक था। इसी शौक के चलते वह क्रिकेट मैच खेलकर अलीगढ़ से वापस लौट रहा था। इसी दौरान आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर नगला भूरा के पास वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया और उसकी जान चली गई। अश्विनी शहर की लक्ष्य क्रिकेट अकादमी का होनहार खिलाड़ी था।
लक्ष्य अकादमी में नियमित अभ्यास के अलावा वह अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए अलीगढ़ भी जाता था। उसकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति लगन को देखकर कोच और साथी खिलाड़ी उसके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद कर रहे थे। हादसे की खबर सुनते ही क्रिकेट खिलाड़ी मायूस हो गए।
अकादमी के खिलाड़ी, कोच और खेल प्रेमी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे और शोकाकुल स्वजनों को सांत्वना दी। स्वजन ने बताया कि अश्वनी चार भाई-बहनों में सबसे छोटा और सबका दुलारा था। कुछ वर्ष पूर्व उसकी एक बहन की भी मौत हो चुकी है। अब सबसे छोटे बेटे की मौत से घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।