तवांग मैराथन में मोहन सिंह आर्य ने हासिल किया पांचवां स्थान, 65 की उम्र में बढ़ाया हाथरस का मान
हाथरस के सादाबाद निवासी अंतरराष्ट्रीय एथलीट मोहन सिंह आर्य ने अरुणाचल प्रदेश के तवांग मैराथन में अपने आयु वर्ग की 21 किलोमीटर दौड़ में पांचवां स्थान हासिल किया।

HighLights
मोहन सिंह आर्य ने तवांग मैराथन में पांचवां स्थान पाया।
65 वर्ष की आयु में 21 किमी दौड़ 2:36 में पूरी।
सेवानिवृत्त एथलीट ने अपने जुनून से क्षेत्र को गौरवान्वित किया।
जागरण संवाददाता, हाथरस। अरुणाचल प्रदेश के तवांग शहर में शनिवार, 24 अक्टूबर को भारतीय सेना की ओर से तवांग स्टेडियम में तवांग मैराथन के द्वितीय संस्करण का भव्य आयोजन किया गया। इसमें सादाबाद कें गांव मंस्या खुर्द निवासी अंतरराष्ट्रीय एथलीट मोहन सिंह आर्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने आयु वर्ग की 21 किलोमीटर मैराथन में पांचवां स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
मोहन सिंह आर्य भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), आगरा में मुख्य लेखाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका खेल के प्रति जुनून बरकरार है। उन्होंने तवांग में आयोजित मैराथन में पूरे उत्साह और दृढ़ संकल्प के साथ हिस्सा लिया। उन्होंने 21 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दौड़ को 2 घंटे 36 मिनट में पूरा कर अपने आयु वर्ग में पांचवां स्थान हासिल किया।
मंस्या खुर्द गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले मोहन सिंह आर्य की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। उनकी सफलता से युवाओं और खेल प्रेमियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उनकी उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
