विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथरस में हुनर से बदली तकदीर, आठवीं पास कमलेश देवी ने खुद संभाली कमान; मुफ्त सिलाई सिखाकर संवार रहीं भविष्य

Published: Sun, 29 Nov 2026 12:35 PM (IST)

हाथरस की कमलेश देवी ने आठवीं पास होने के बावजूद कान्हा की पोशाक बनाने के हुनर से खुद को आत्मनिर्भर बनाया। उन्होंने 'माता दी स्वयं सहायता समूह' के माध्यम से 100 से अधिक महिलाओं को मुफ्त प्रशिक्षण देकर उन्हें भी आर्थिक रूप से सशक्त किया है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. कमलेश देवी ने कान्हा की पोशाक बनाने का हुनर सीखा।

  2. 100 से अधिक महिलाओं को मुफ्त प्रशिक्षण देकर सशक्त किया।

  3. 'माता दी स्वयं सहायता समूह' के माध्यम से रोजगार के अवसर।

योगेश शर्मा, जागरण, हाथरस। आत्मनिर्भर बनने के लिए बड़ी डिग्री नहीं, बल्कि हुनर सीखने और आगे बढ़ने का जज्बा जरूरी है। सादाबाद क्षेत्र के गांव पुसैनी की कमलेश देवी ने इसे सच कर दिखाया है। आठवीं तक पढ़ाई करने वाली कमलेश ने कान्हा की पोशाक बनाने के हुनर को अपनी आजीविका का आधार बनाया।

घर की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने ऐसा काम शुरू किया कि आज खुद आर्थिक रूप से मजबूत होने के साथ दूसरी महिलाओं को भी रोजगार की राह दिखा रही हैं। अब तक 100 से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण और स्वरोजगार के तरीके बता चुकी हैं।

कमलेश की शादी पुसैनी निवासी राकेश कुमार से हुई है। पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। करीब पांच साल पहले परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के उद्देश्य से उन्होंने माता दी स्वयं सहायता समूह का गठन किया। समूह में अध्यक्ष रिंकी समेत मथुरी, रितु, पिंकी, सरोज, भावना और कश्मीरी सहित अन्य महिलाएं जुड़ीं। शुरुआत में संसाधन सीमित थे, लेकिन कमलेश ने कान्हा की पोशाक बनाने का काम शुरू करने का निर्णय लिया।

उन्होंने घर पर ही सिलाई का काम शुरू किया। कपड़े की खरीदारी, कटिंग, डिजाइनिंग से लेकर पोशाक तैयार करने और बाजार तक पहुंचाने की बारीकियां खुद सीखीं। धीरे-धीरे उनके काम को पहचान मिलने लगी। मथुरा और वृंदावन के दुकानदारों तक पोशाकों की सप्लाई शुरू हो गई। त्योहारों और विशेष अवसरों पर ऑर्डर बढ़ने से समूह की महिलाओं को भी अतिरिक्त काम मिलने लगा।

महिलाओं को मुफ्त में सिखा रहीं हुनर
समूह की सचिव कमलेश अब अपने अनुभव को दूसरी महिलाओं के साथ साझा कर रही हैं। वह उन्हें कपड़े की कटिंग, सिलाई, डिजाइन, मोती और लेस लगाने का प्रशिक्षण देती हैं। खास बात यह है कि प्रशिक्षण के लिए महिलाओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाता। उनका प्रयास है कि गांव की महिलाएं घर की जिम्मेदारियां निभाने के साथ अपनी आमदनी का जरिया भी तैयार कर सकें।

समूह से जुड़ी रिंकी बताती हैं कि पहले वह घर से बाहर निकलने और काम करने के बारे में नहीं सोचती थीं, लेकिन समूह से जुड़ने के बाद उनकी जिंदगी बदल गई। अब वह खुद कमाई कर रही हैं और बच्चों की पढ़ाई व घरेलू खर्चों में सहयोग दे रही हैं। मथुरी और पिंकी ने भी अपने स्तर पर काम शुरू किया है।

कमलेश की इस पहल से गांव की अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिल रही है। उनका सपना है कि स्वयं सहायता समूह के काम को बड़े स्तर पर पहचान दिलाएं और कान्हा की पोशाकों का अपना ब्रांड तैयार करें। वह चाहती हैं कि गांव की अधिक से अधिक महिलाएं प्रशिक्षण लेकर आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनें।

यह भी पढ़ें- हाथरस में सहालग से फूलों की सजावट के कारोबार में बंपर उछाल, दोगुने काम से कारीगरों को मिल रहा फायदा



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।