दीवाली पूजा के बाद जलती मोमबत्ती से दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख, हाथरस में हादसा
हाथरस में खाती खाना चमन गली स्थित एक फाइबर शीट और प्लास्टिक की दुकान में रविवार देर रात आग लग ...और पढ़ें

आग की घटना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां। जागरण
HighLights
हाथरस की दुकान में देर रात भीषण आग लगी
दीपावली पूजा के बाद जली मोमबत्ती बनी आग का कारण
फाइबर और प्लास्टिक का लाखों का सामान जलकर राख
जागरण संवाददाता, हाथरस। शहर के कोतवाली सदर इलाके की खाती खाना चमन गली में रविवार देर रात एक बड़ी घटना हो गई। यहां फाइबर शीट और प्लास्टिक की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
दुकान के मालिक आयुष जैन के अनुसार दीपावली के मौके पर दुकान में पूजा की गई थी। पूजा के बाद जलती हुई मोमबत्ती दुकान में ही छोड़ दी गई थी।
दीपावली की पूजा के बाद छोड़ी मोमबत्ती बनी हादसे की वजह
आशंका जताई जा रही है कि इसी मोमबत्ती से दुकान में आग लगी। पहले दुकान से धुआं उठने लगा, फिर कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। देर रात आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने पहले खुद ही बाल्टी और पानी से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन फाइबर और प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती गई और लोगों के बस से बाहर हो गई। इसके बाद लोगों ने फायर स्टेशन को सूचना दी।
फाइबर-प्लास्टिक की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब जाकर आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान सबसे बड़ा डर यही था कि आग आसपास की दुकानों तक न फैल जाए। गनीमत रही कि दमकल टीम ने समय रहते आग को काबू में कर लिया, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराकर कार में लगी आग; हरियाणा से हरिद्वार जा रहे 6 युवकों की जिंदा जलकर मौत
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों का कहना है कि त्योहार के समय दुकानों में पूजा के बाद दीपक, मोमबत्ती या अगरबत्ती जलती नहीं छोड़नी चाहिए। थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।