दूल्हे ने पूछा पापा बुलेट कहां है... डिमांड पूरी नहीं हुई तो दुल्हन और पिता को पीटा, कमरा बंद किया दुष्कर्म का प्रयास
हाथरस के सादाबाद में दहेज में बुलेट बाइक की मांग पूरी न होने पर दूल्हे ने दुल्हन और उसके पिता से मारपीट की। अगले दिन विवाहिता ने पति और उसके साथी पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
दहेज में बुलेट बाइक न मिलने पर दूल्हे ने मारपीट की।
दूल्हे ने दुल्हन और उसके पिता को थप्पड़ मारे।
पति और साथी पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा।
संवाद सूत्र, सादाबाद (हाथरस)। दहेज में बुलेट बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर शादी की खुशियां विवाद में बदल गईं। आरोप है कि जयमाला के बाद दूल्हे ने दुल्हन और उसके पिता के साथ मारपीट की। मामला यहीं नहीं थमा। अगले दिन विवाहिता ने पति और उसके एक साथी पर कमरे में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवाद के चलते बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई।
सामूहिक विवाह योजना में हुआ था विवाह
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का विवाह 21 नवंबर को सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मथुरा जनपद के सुरीर क्षेत्र निवासी युवक के साथ हुआ था। दोनों परिवारों के बीच पहले से ही रिश्ता तय था। दुल्हन के पिता की इच्छा पर अगले दिन 22 नवंबर को गांव में बारात लेकर दूल्हा पहुंचा था। स्वागत और अन्य रस्मों के बाद जयमाला का कार्यक्रम हुआ। आरोप है कि इसके बाद दूल्हे ने दुल्हन के पिता से दहेज में तय बुलेट बाइक मांगी। मांग पूरी नहीं होने पर कहासुनी शुरू हो गई।
पति समेत दो के खिलाफ प्राथमिकी
विवाद बढ़ने पर दूल्हे ने दुल्हन और उसके पिता को थप्पड़ मार दिए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। मामले को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बुजुर्गों ने बातचीत की, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद बारात को बिना दुल्हन के वापस लौटना पड़ा। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
यह भी पढ़ें- मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं... मेरठ के ओयो होटल में बंधक लड़की से दरिंदगी, बाल पकड़कर घसीटा; सड़क पर गिराकर पीटा
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में पति और एक नामजद युवक के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति और उसके साथी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़िता की तहरीर पर पति समेत दो आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। दहेज की मांग और मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
योगेंद्र कृष्ण नारायण, सीओ सादाबाद