मेरी हो जाओ... नहीं तो किसी की नहीं होने दूंगा, फिरोजाबाद में देवर ने की भाभी की हत्या; मां को नींद में समझकर उठाती रहीं बेटियां
फिरोजाबाद के कपावली गांव में एक देवर ने अपनी भाभी की गला घोंटकर हत्या कर दी, क्योंकि वह उस पर घर से भागने का दबाव बना रहा था। पति के लौटने पर शव रसोई में मिला, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका का फाइल फोटो। मासूम बेटियां अपनी दादी की गोद में।
HighLights
फिरोजाबाद में देवर ने भाभी की गला घोंटकर हत्या की।
आरोपी देवर भाभी पर घर से भागने का दबाव बना रहा था।
पति को रसोई में पत्नी का शव मिला, मामला दर्ज।
संवाद सूत्र, नारखी (फिरोजाबाद)। यूपी के फिरोजाबाद जिले के गांव कपावली की ठार में घर आए ममेरे देवर ने शुक्रवार रात झगड़ा होने के बाद भाभी को पीटा और फिर गला घाेंट दिया। वह काफी समय से महिला पर घर से भागने का दबाव बना रहा था। शनिवार सुबह शादी समारोह में सजावट का काम करके पति घर लौटा तो पत्नी का शव रसोई में पड़ा मिला।
चेहरे और गले में चोट के निशान थे। पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मामले में आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मेरी हो जाओ...नहीं तो किसी की होने नहीं दूंगा
तनू शर्मा के पति गौरव ने बताया कि आरोपित पत्नी को घर से भागने के लिए दबाव बनाता था। धमकी देता था कि मेरी हो जाओ, नहीं तो किसी की होने नहीं दूंगा। अपने ममेरे भाई की हरकत का विरोध करते हुए ननिहाल में शिकायत की थी। बावजूद इसके वह अपनी हरकत से बाज नहीं आया और दोनों परिवारों के संबंध खत्म हो गए थे।

यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद: एकतरफा प्यार में देवर ने भाभी की हत्या की, रसोई में लाश छोड़कर भागा
मां को नींद में समझकर उठाने की कोशिश करते रहीं बेटिया
आरोपित ने झगड़ा होने पर तनू की छह वर्षीय सौम्या, तीन वर्षीय परी को कमरे में सोने के लिए भेज दिया। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित भाग खड़ा हुआ। कमरे से बाहर आईं बेटियों ने मां को जमीन पर पड़ा देखकर उन्हें नींद में समझा। बेटियां मां को हिलाकर जगाने की कोशिश करती रहीं।
मां को पास न पाकर तीन माह की बेटी आराध्या भूख के कारण रातभर रोती रही। दोनों बहनें उसे भी संभालने की कोशिश करती रहीं। सिरफिरे ने भाभी की हत्या के साथ ही बेटियों के सिर से मां का साया छीन लिया।