आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर स्कूल बस और कंटेनर की भीषण टक्कर, चालक समेत 15 घायल
हाथरस में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर एक स्कूल बस और कंटेनर की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें बस चालक, परिचालक और ...और पढ़ें

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाती पुलिस।
HighLights
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर बस-कंटेनर की जोरदार भिड़ंत।
बस चालक, परिचालक और स्टाफ सहित 15 लोग घायल।
गंभीर घायलों को अलीगढ़ रेफर, हाईवे पर लगा जाम।
जागरण संवाददाता, हाथरस। आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर सोमवार को सड़क हादसा हो गया। समामई स्थित पेट्रोल पंप के सामने बीएलएस स्कूल की बस और कंटेनर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस चालक, परिचालक और शिक्षण स्टाफ समेत 15 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बीएलएस स्कूल की बस अलीगढ़ से स्टाफ और बच्चों को लेकर हाथरस आ रही थी।
समामई पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बस को टक्कर मार दी। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
बस का इमरजेंसी गेट खोलकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। कई घायल सीटों के बीच फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद निकाला जा सका। सूचना पर सासनी पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया
सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर रूप से घायल चालक, परिचालक समेत छह स्टाफ सदस्यों की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। बाकी घायलों का सीएचसी में इलाज चल रहा है। गनीमत रही कि बस में बच्चे कम संख्या में थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे के बाद लगा जाम
सड़क पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। वाहनों की कतारें कई किलोमीटर तक लग गईं। पुलिस ने क्रेन मंगाकर क्षतिग्रस्त बस और कंटेनर को हाईवे से हटवाया, तब जाकर यातायात सुचारू हो सका। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
