हरदोई में निजी अस्पताल में इलाज के दौरान गर्भवती की मौत, घर वालों ने लापरवाही का आरोप लगा किया हंगामा
हरदोई के सिद्धार्थ हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने लापरवाही ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
हरदोई के सिद्धार्थ हॉस्पिटल में गर्भवती महिला की मौत।
परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर किया हंगामा।
पुलिस ने जांच और विधिक कार्रवाई का दिया आश्वासन।
जागरण संवाददाता, हरदोई। सर्कुलर रोड स्थित सिद्धार्थ हॉस्पिटल में शुक्रवार शाम इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उसे दोपहर में अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि चिकित्सकों ने प्लेटलेट्स मात्र 12 हजार होने की बात कहकर तत्काल भर्ती कर लिया। इसके बाद उपचार शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही घंटे बाद महिला की मौत हो गई।
इससे नाराज स्वजन ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव अस्पताल के बाहर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। अचानक हुए हंगामे से अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाराज स्वजन को समझाकर शांत कराया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सुरसा थाना क्षेत्र के गेहरुई गांव निवासी संदीप वर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी मानसी वर्मा गर्भवती थीं। शुक्रवार को तबीयत खराब होने पर वह पत्नी को लेकर शहर के सर्कुलर रोड स्थित सिद्धार्थ हॉस्पिटल पहुंचे। स्वजन के अनुसार अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने मानसी की प्लेटलेट्स संख्या महज 12 हजार बताई। हालत गंभीर होने की बात कहते हुए तत्काल भर्ती करने की सलाह दी।
स्वजन ने चिकित्सकों पर भरोसा कर उपचार शुरू करा दिया। आरोप है कि भर्ती होने के बाद मानसी की हालत में सुधार नहीं हुआ। शाम करीब पांच बजे चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई और कुछ देर बाद मौत की जानकारी दे दी।
इससे स्वजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्वजन का कहना था कि समय रहते उचित उपचार और स्थिति की सही जानकारी दी जाती तो शायद मानसी की जान बच सकती थी।
हंगामे की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्वजन को समझाकर शांत कराया। कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि स्वजन की तहरीर अथवा शिकायती पत्र मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।