कार्तिक पूर्णिमा से पहले बेरियाघाट पर सजने लगी ‘रामनगरिया’, अधिकारियों ने 8 सेक्टरों में बंटा मेला क्षेत्र
हरदोई के बेरियाघाट पर कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां रामनगरिया सजने लगी है और कल्पवासी पहुंचने लगे हैं। प्रशासन ने मेले के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा से पहले बेरियाघाट पर रामनगरिया सजने लगी, कल्पवासी पहुंचे।
मेले के लिए 8 सेक्टर, 4 घाट, पेयजल व विद्युत व्यवस्था की गई।
गंगा किनारे अनधिकृत राउटियां, मल्लावां में जाम से सुरक्षा पर सवाल।
जागरण संवाददाता, हरदोई। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान में अभी पांच दिन शेष हैं, लेकिन बेरियाघाट पर गंगा किनारे रामनगरिया सजने लगी है। दूर-दराज से कल्पवासियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। तट पर राउटियां (अस्थायी निवास) लगाई जा रही हैं। कल्पवासी गंगा स्नान, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियों में जुटे हैं।
प्रतिवर्ष यहां कार्तिक पूर्णिमा पर विशाल राजकीय मेला लगता है। कल्पवासी मुख्य स्नान से कई दिन पहले गंगा किनारे अस्थायी निवास बनाकर पूजा-पाठ और अनुष्ठान करते हैं। मुख्य स्नान के अगले दिन वे अपने घर लौट जाते हैं। इस बार भी गंगा तट पर रामनगरिया का स्वरूप उभरने लगा है। मेला क्षेत्र को आठ सेक्टरों में बांटा गया है और स्नान के लिए चार घाट तैयार कराए गए हैं।
श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए करीब चार किलोमीटर लंबा रास्ता बनाया गया है और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है। मेला व्यवस्था देख रहे नहर विभाग के अवर अभियंता अमित श्रीवास्तव ने बताया कि पेयजल के लिए 70 हैंडपंप और एक दर्जन से अधिक पानी के टैंकर लगाए गए हैं। रोशनी के लिए 20 हाईमास्ट लाइटों समेत विद्युत व्यवस्था की गई है।
महिलाओं और पुरुषों के लिए 60 से अधिक चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। स्वच्छता के लिए पांच पक्के, 20 अस्थायी और एक दर्जन से अधिक मोबाइल शौचालय रखे गए हैं। स्वास्थ्य और राजस्व समेत अन्य विभागों के पंडाल, आपात स्थिति के लिए अस्पताल और बिछड़े श्रद्धालुओं की मदद के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया है।
गंगा किनारे तक पहुंचीं राउटियां, सुरक्षा पर सवाल
कल्पवासियों के ठहरने के लिए प्रशासन ने स्थान निर्धारित किया था, ताकि राउटियां व्यवस्थित ढंग से लगें। इसके बावजूद कई लोगों ने गंगा किनारे तक अस्थायी निवास बना लिए हैं। पुलिस इन्हें रोक नहीं सकी है। इससे स्नान के दौरान आवाजाही प्रभावित होने और सुरक्षा संबंधी परेशानी की आशंका है।
भारी वाहनों से मल्लावां में जाम
मेले के कारण मेहंदीघाट और मल्लावां मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ी है। कस्बे के प्रमुख चौराहों और संकरे रास्तों पर लंबी कतारें लग रही हैं। ट्रैफिक पुलिस यातायात सुचारु कराने में जुटी है, लेकिन भारी वाहनों के बेरोकटोक प्रवेश से प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को जाम में फंसना पड़ रहा है। बड़े वाहनों से हादसे का खतरा भी है।
यह भी पढ़ें- अमेठी में 87.10 लाख से बनेंगी यूपीसीडा कॉलोनी की मेन और सर्विस रोड, हजारों लोगों का आवागमन होगा सुगम
चौराहा निवासी कमलेश, अजय और आशीष ने जिलाधिकारी से भारी वाहनों का रूट डायवर्जन कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान भारी वाहनों को कस्बे से गुजरने से रोका जाए, ताकि जाम और अप्रिय घटना की आशंका से बचा जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।