विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित हुए एसपी अशोक कुमार मीणा, बरेली एनकाउंटर में दिखाई थी बहादुरी

Published: Sat, 03 Oct 2026 05:04 PM (IST)

आईपीएस अशोक कुमार मीणा को बरेली में सर्राफा व्यापारी से लूट के बाद दो कुख्यात बदमाशों को मुठभेड़ में ढेर ...और पढ़ें

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा को राष्ट्रपति वीरता पदक पहनाते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। फोटो पुलिस

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा को राष्ट्रपति वीरता पदक पहनाते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। फोटो पुलिस

HighLights

  1. आईपीएस अशोक कुमार मीणा को राष्ट्रपति वीरता पदक मिला।

  2. बरेली में सर्राफा व्यापारी लूट के बदमाशों का एनकाउंटर किया।

  3. सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में किया सम्मानित।

जागरण संवाददाता, हरदोई। कर्तव्यनिष्ठा और अदम्य साहस की मिसाल बने वर्ष 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी व वर्तमान पुलिस अधीक्षक हरदोई अशोक कुमार मीणा को 'राष्ट्रपति वीरता पदक' (पुलिस मेडल फार गैलेंट्री) से अलंकृत किया गया है।

राष्ट्रपति वीरता पदक भारत में पुलिस, अर्धसैनिक बलों और अन्य सुरक्षा सेवाओं के कर्मियों को उनकी जान जोखिम में डालकर दिखाए गए असाधारण साहस, बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च वीरता सम्मान है।

राजधानी लखनऊ में आयोजित भव्य अलंकरण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें यह प्रतिष्ठित पदक पहनाकर सम्मानित किया। गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर केंद्र सरकार द्वारा घोषित इस सम्मान को प्राप्त करने पर जिले भर के पुलिस अधिकारियों व संभ्रांत नागरिकों में हर्ष की लहर है।

आईपीएस अशोक कुमार मीणा को इसलिए मिला सर्वोच्च सम्मान

यह सर्वोच्च सम्मान आईपीएस अशोक कुमार मीणा को बरेली में तैनाती के दौरान जान जोखिम में डालकर किए गए ऐतिहासिक एनकाउंटर ऑपरेशन के लिए मिला है। 7 जनवरी 2019 की सुबह बरेली के कोहड़ापीर पुलिया के पास बाइक सवार दुर्दांत बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी और उनके मुंशी को गोली मारकर 15 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट को अंजाम दिया था।वारदात के बाद दहशत का माहौल था।

बतौर एएसपी तैनात रहे आईपीएस अशोक कुमार मीणा ने मोर्चा संभालकर बदमाशों की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अपनी जान की परवाह किए बिना अशोक कुमार मीणा ने अदम्य साहस दिखाते हुए फ्रंट फुट से जवाबी फायरिंग की और मुठभेड़ में दो कुख्यात लुटेरों कपिल और अशोक को मौके पर ही मार गिराया था।

वर्तमान में हरदोई पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात अशोक कुमार मीणा अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और आम जनता से सीधे संवाद के लिए विशेष पहचान रखते हैं। उनके इस सम्मान से पूरे महकमे का मान बढ़ा है।

यह भी पढ़ें- इंस्पेक्टर अवनीश त्यागी को सीएम योगी ने दिया वीरता पदक, मैनपुरी पुलिस महकमे में खुशी का माहौल

यह भी पढ़ें- वीरता पदक विजेताओं और उनके परिवारों को लाइफटाइम फ्री रेल यात्रा, ई-पास के जरिए होगी टिकट बुकिंग