वोटर लिस्ट में नाम नहीं तो भरें फॉर्म-6, हरदोई में 18 और 19 नवंबर को बूथों पर मिलेंगे बीएलओ
हरदोई में 17 नवंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन होगा, जिसके बाद 18 और 19 नवंबर को विशेष अभियान चलेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
17 नवंबर को हरदोई मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
18-19 नवंबर को बूथों पर विशेष अभियान चलेगा।
फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाएं।
जागरण संवाददाता, हरदोई। मतदाता सूची में आपका नाम है या नहीं, इसकी जानकारी अब बूथ पर ही मिल जाएगी। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 17 नवंबर को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
इसके बाद 18 और 19 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। बूथ लेवल अधिकारी मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे, ताकि लोग अपना नाम जांच सकें।
जिनका नाम सूची में नहीं होगा, वे फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। जिले की आलेख्य मतदाता सूची में कुल 26,52,820 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 14,50,919 पुरुष, 12,01,861 महिला और 40 अन्य मतदाता शामिल हैं।
अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपाली भार्गव ने बताया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। बुधवार और गुरुवार को सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे।

इस दौरान मतदाता सूची पढ़कर सुनाने के साथ नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। अभियान में फॉर्म-6, 7 और 8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के जनप्रतिनिधियों के साथ ग्राम प्रधानों से भी सहयोग मांगा गया है।
वे मतदाताओं को आवेदन भरने में सहायता करेंगे। जिन मतदाताओं का नाम सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र बीएलओ को दे सकेंगे। आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा रहेगी।
समस्याओं के समाधान के लिए 17 नवंबर से जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित होगा। टोलफ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकेगा। वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से भी बीएलओ से संपर्क कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में SIR के बाद महिला मतदाताओं ने पुरुषों को पछाड़ा, जेंडर रेशियो भी बढ़ा