विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई के तीन विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगे 6 नए पुल, बारिश में पानी के बहाव से नहीं कटेगा गांवों का संपर्क

Published: Thu, 19 Nov 2026 05:00 AM (GMT+05:30)

हरदोई जिले में बारिश और नदी के बैक फ्लो से गांवों का संपर्क टूटने की समस्या को दूर करने के लिए छह नए पुल और बॉक्स कल्वर्ट बनाए जाएंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. हरदोई में छह नए पुल और कल्वर्ट बनेंगे।

  2. बारिश में गांवों का संपर्क टूटने से बचाव होगा।

  3. 11.31 करोड़ रुपये से निर्माण कार्य पूरे होंगे।

जागरण संवाददाता, हरदोई। बारिश या नदी के पानी के बैक फ्लो से रास्तों पर तेज बहाव होने के कारण गांवों का संपर्क टूटने की समस्या दूर होने की उम्मीद है। जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में छह स्थानों पर छोटे पुल और बाक्स कल्वर्ट बनाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग की राज्य योजना (सेतु) के तहत इन कार्यों के लिए 11.31 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण से ग्रामीणों को जलभराव के बीच रास्ता बंद होने या पानी उतरने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-प्रथम के सहायक अभियंता संतोष कुमार रावत ने बताया कि सवायजपुर, हरदोई और शाहाबाद विधानसभा क्षेत्रों में दो-दो निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इनमें आरसीसी के छोटे पुल और बाक्स कल्वर्ट बनाए जाएंगे। कुछ जगहों पर पुल के साथ दोनों ओर पहुंच मार्ग भी तैयार होंगे, ताकि मुख्य सड़क से जुड़ाव बना रहे।

सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र में मुड़रामऊ से ललुआपुर इंटरकनेक्टिविटी मार्ग पर 3×5 मीटर स्पान और पांच मीटर ऊंचाई की आरसीसी पुलिया बनेगी। बखरिया तालाब और नीलम नदी के बैक फ्लो वाले स्थान पर 9×3×3 मीटर स्पान का आरसीसी लघु सेतु बनाया जाएगा। इसके साथ पहुंच मार्ग और अतिरिक्त पहुंच मार्ग भी तैयार होंगे।

हरदोई विधानसभा क्षेत्र में ओहदपुर मार्ग से बैजना गुरुद्वारा संपर्क मार्ग पर 4×3×3 मीटर का आरसीसी बाक्स कल्वर्ट बनेगा। बावन ब्लॉक में रद्देपुर सकतपुर मार्ग से खुमारीपुर मार्ग पर 4×5 मीटर का आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट बनाया जाएगा।

शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में कुरसैली हरदासपुर मार्ग से परेली सिंगुलापुर मार्ग पर 2×3 मीटर का बाक्स कल्वर्ट बनेगा। इसके साथ अतिरिक्त पहुंच मार्ग भी तैयार होगा। नौशहरा से डभौलिया मार्ग पर 7×5 मीटर का बाक्स कल्वर्ट बनाया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान नालों का पानी कई संपर्क मार्गों पर बहने लगता है। कुछ स्थानों पर नदियों का पानी वापस आने से भी रास्ते जलमग्न हो जाते हैं। ऐसे में आवागमन बाधित होता है और ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। छह स्थानों पर पुल और बॉक्स कल्वर्ट बनने से पानी की निकासी का रास्ता मिलेगा और इन संपर्क मार्गों पर आवागमन आसान होने की उम्मीद है।

तीन विधानसभा क्षेत्रों में होंगे ये छह निर्माण कार्य

1- सवायजपुर

मुड़रामऊ से ललुआपुर इंटरकनेक्टिविटी मार्ग पर आरसीसी लघु सेतु

बखरिया तालाब/नीलम नदी के बैक फ्लो पर आरसीसी लघु सेतु व पहुंच मार्ग


2- हरदोई

ओहदपुर मार्ग से बैजना गुरुद्वारा संपर्क मार्ग पर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट

रद्देपुर सकतपुर मार्ग से खुमारीपुर मार्ग (बावन ब्लॉक) पर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट

3- शाहाबाद

कुरसैली हरदासपुर मार्ग से परेली सिंगुलापुर मार्ग पर बॉक्स कल्वर्ट व अतिरिक्त पहुंच मार्ग

नौशहरा से डभौलिया मार्ग पर बॉक्स कल्वर्ट

यह भी पढ़ें- हरदोई में विकसित होगा एक और नया इंडस्ट्रियल एरिया, शुरू हुई जमीन की तलाश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।