हरदोई में युवक की मौत के मामले में पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ FIR, प्रताड़ित करने का लगा आरोप
हरदोई में युवक की आत्महत्या के मामले में कोर्ट के आदेश पर पत्नी समेत छह ससुरालियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने युवक को गुरुग्राम में काम करने के लिए प्रताड़ित किया, जिससे उसने आत्महत्या कर ली।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
युवक की आत्महत्या मामले में छह लोगों पर एफआईआर।
ससुरालियों पर गुरुग्राम जाने के लिए प्रताड़ित करने का आरोप।
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज की शिकायत।
जागरण संवाददाता, हरदोई। युवक को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने और शव दरवाजे पर छोड़कर फरार होने के आरोप में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर ससुरालीजन के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर ली है। बेहटागोकुल के ग्राम बरखेरा के रामसी ने बताया कि उसके बेटे कुलदीप की शादी सुरसा के ग्राम बल्लीपुर की किरन के साथ हुई थी। आरोप है कि किरन के मायके वाले गुरुग्राम में निजी कंपनी में काम करते थे।
ससुराल पक्ष के लोग कुलदीप पर भी गुरुग्राम में आकर काम करने का दबाव बनाते थे। उसके मना करने पर विवाद व मारपीट की जाती थी। 26 जनवरी की सुबह कुलदीप की पत्नी किरन व उसके मायके पक्ष से संदीप, प्रदीप, लक्ष्मी, सुरेंद्र और रेखा उनके घर आए तथा गुड़गांव न चलने पर जान देने की धमकी देते हुए कुलदीप को जबरन अपने साथ ले गए।
अगले दिन 27 जनवरी को कुलदीप ने फोन पर अत्यधिक प्रताड़ित किए जाने की बात कही, जिसके बाद परिवार की उससे बातचीत नहीं हो सकी। ससुरालीजन की प्रताड़ना से आहत होकर कुलदीप ने आत्महत्या कर ली थी। ससुरालीजन बिना सूचना दिए पांच फरवरी की सुबह कुलदीप का शव उसके घर छोड़ दिया और जेवर कपड़े लेकर फरार हो गए थे।
अंतिम संस्कार के बाद शिकायत की, गुरुग्राम और हरदोई पुलिस ने फरियाद नहीं सुनी। परेशान होकर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर ली है।
यह भी पढ़ें- हरदोई में मंदिर का चंदा मांगने के विवाद में एक युवक की हत्या, हमले में घायल हुआ दूसरा व्यक्ति