हरदोई में मां को पीट रहे पिता को देख आग बबूला हुआ बेटा, धारदार हथियार से कर दी हत्या
हरदोई में मां को पीटते देख बेटे ने पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
-1795550666477_m.webp)
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
HighLights
बेटे ने मां की पिटाई देख पिता पर हमला किया।
धारदार हथियार से हमले में पिता की मौके पर मौत।
पुलिस ने आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाईं।
जागरण संवाददाता, हरदोई। मां के साथ पिता को मारपीट करते देख पुत्र ने विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद होने लगा। बात इतनी बढ़ गई कि पुत्र ने धारदार हथियार से पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार रात शहर के राधानगर में हुई घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के राधानगर निवासी 53 वर्षीय रामेंद्र सिंह का मंगलवार की रात पत्नी अंजू सिंह से विवाद हो रहा था। पुलिस के अनुसार रामेंद्र सिंह अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहे थे। उसी बीच उनका पुत्र सत्यम पहुंच गया, मां के साथ मारपीट होते देख 28 वर्षीय पुत्र सत्यम सिंह ने विरोध किया।
इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद होने लगा और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान सत्यम ने धारदार हथियार से पिता पर वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रामेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद पिता की हत्या तक पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। सीओ सिटी अजीत सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में पत्नी के साथ मारपीट का विरोध ही घटना की वजह सामने आई है।
तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपित सत्यम सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।