हरदोई मेडिकल कॉलेज में मधुमक्खियों ने मरीजों और तीमारदारों पर बोला धावा, 15 लोग घायल
हरदोई मेडिकल कॉलेज में मधुमक्खियों के हमले से 15 लोग घायल हो गए, जिनमें एक चार वर्षीय बच्ची भी शामिल है और चार की हालत गंभीर है। इस घटना ने अस्पताल परिसर में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मेडिकल कॉलेज में मधुमक्खियों के हमले से 15 लोग घायल हुए।
चार वर्षीय बच्ची सहित चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना ने अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
जागरण संवाददाता, हरदोई। मेडिकल कॉलेज में उपचार कराने पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को मंगलवार को मधुमक्खियों के हमले का शिकार होना पड़ा। ओपीडी भवन की दूसरी मंजिल पर लगे छत्तों से निकलीं मधुमक्खियों ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। कोई सिर ढककर भागा तो किसी ने ब्लड बैंक और सीटी स्कैन कक्ष में घुसकर दरवाजे बंद कर अपनी जान बचाई। करीब एक घंटे तक परिसर में अफरातफरी मची रही।
मधुमक्खियों के हमले में चार वर्षीय बच्ची समेत करीब 15 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। घटना ने मेडिकल कालेज परिसर में मरीजों की सुरक्षा के इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार को मेडिकल कालेज में मरीजों और तीमारदारों की आवाजाही के बीच अचानक मधुमक्खियों का झुंड ओपीडी भवन से निकलकर आइपीडी भवन की ओर पहुंच गया।
मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए। हमले में हरपालपुर के बांसी निवासी छोटे भइया, लोनार के जमुनियापुरवा निवासी रामऔतार और उनके भाई रामदास तथा पचदेवरा निवासी चार वर्षीय सोनी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को इमरजेंसी में भर्ती कर उपचार दिया गया। छोटे भइया की हालत अधिक गंभीर बताई जा रही है।
छत्तों को लेकर जिम्मेदारों की सतर्कता पर सवाल
मेडिकल कॉलेज में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और तीमारदार आते हैं। ओपीडी भवन की दूसरी मंजिल पर मधुमक्खियों के छत्ते लगे होने के बावजूद सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे, इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं। मंगलवार की घटना के बाद मरीजों और तीमारदारों में दहशत है।