हरदोई में पुलिस हुई ठगी का शिकार, थानों में CCTV कैमरे लगाने के नाम पर 52.51 लाख रुपये लेकर भागी फर्म
हरदोई पुलिस को थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के नाम पर 52.51 लाख रुपये की धोखाधड़ी का शिकार होना पड़ा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
हरदोई पुलिस 52.51 लाख रुपये की धोखाधड़ी का शिकार।
थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के नाम पर ठगी।
मुंबई की फर्म ने भुगतान लेकर उपकरण नहीं भेजे।
जागरण संवाददाता, हरदोई। आमजन को धोखाधड़ी से बचाने और जालसाजों पर शिकंजा कसने वाली पुलिस खुद ही ठगी का शिकार हो गई। जिले के थानों को तीसरी आंख से लैस करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना में 52.51 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
सरकारी खरीद पोर्टल (जेम) के माध्यम से मुंबई की एक फर्म को कैमरे और संबंधित उपकरणों की आपूर्ति का ठेका दिया गया था। पुलिस विभाग ने फर्म को 52,51,672 रुपये का पूरा भुगतान भी कर दिया, लेकिन छह माह बीतने के बाद भी न तो कैमरे पहुंचे और न ही उपकरण।
भुगतान के बाद फर्म संचालक लगातार आपूर्ति का आश्वासन देकर टालमटोल करता रहा। अब संपर्क नहीं हो पाने पर प्रतिसार निरीक्षक ने फर्म संचालक के विरुद्ध शहर कोतवाली में धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई है। इस मामले ने सरकारी खरीद और भुगतान की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह के अनुसार, जिले के सभी थानों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसी कैमरे लगाए जाने थे। इसके लिए जेम पोर्टल के माध्यम से मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित लाइट फोर्स बिल्डिम्ट लिमिटेड फर्म का चयन किया गया था।
फर्म को कैमरे और संबंधित उपकरणों की आपूर्ति करनी थी। विभाग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरी धनराशि आनलाइन फर्म के खाते में भेज दी गई। आरोप है कि भुगतान मिलने के बाद फर्म संचालक अमित राय ने उपकरणों की आपूर्ति नहीं की।
विभाग की ओर से संपर्क करने पर वह लगातार अलग-अलग बहाने बनाकर जल्द सामान भेजने का आश्वासन देता रहा। इसी तरह छह माह गुजर गए, लेकिन कैमरों की आपूर्ति नहीं हुई। अब फर्म संचालक से संपर्क भी नहीं हो पा रहा है।
लगातार प्रयास के बावजूद उपकरण नहीं मिलने पर प्रतिसार निरीक्षक ने शुक्रवार को शहर कोतवाली में तहरीर दी। इसके आधार पर फर्म संचालक अमित राय के विरुद्ध एफआइआर दर्ज की गई है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। भुगतान और आपूर्ति से जुड़े अभिलेखों की पड़ताल के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोलर एजेंसी के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ठगे
कासिमपुर के ग्राम कहचारी के राज मौर्य ने बतया कि सुल्तानपुर के मोतिगरपुर थाने के ग्राम बेलहरी के मुकेश कुमार सिंह ने उसे सोलर एजेंसी दिलाने का झांसा दिया था। इसके बाद एजेंसी की औपचारिकताएं पूरी कराने, फर्म बनवाने और जीएसटी व सिक्योरिटी जमा करने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में करीब डेढ़ लाख रुपये ले लिए।
पीड़ित का आरोप है कि उसने आरोपित की पत्नी के बैंक खाते में कई बार ऑनलाइन रुपये भेजे। एजेंसी न दिलाने पर रुपये वापस मांगे, लेकिन रकम नहीं लौटाई गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
