उपद्रवियों से निपटने को तैयार हरदोई पुलिस, परेड ग्राउंड में 150 जवानों ने किया दंगा नियंत्रण अभ्यास
हरदोई पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में पुलिस ने दंगे जैसी स्थितियों से निपटने के लिए बलवा नियंत्रण का पूर्वाभ्यास ...और पढ़ें

अभ्यास में लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और विभिन्न एंटी-राइट गन के इस्तेमाल का प्रदर्शन।
HighLights
पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में हुआ बलवा ड्रिल।
लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले का अभ्यास किया।
एंटी-राइट गन, रबर बुलेट गन का प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, हरदोई। पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में रविवार को दंगे जैसे हालात बने तो पुलिस के जवान पूरी मुस्तैदी से मोर्चा संभालते नजर आए। उपद्रवियों की भूमिका निभा रहे जवानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ने का अभ्यास किया। रबर बुलेट गन और एंटी राइट गन के इस्तेमाल का प्रदर्शन हुआ।
कुछ देर के लिए परेड ग्राउंड का नजारा दंगा प्रभावित क्षेत्र जैसा दिखाई दिया। हालांकि, यह वास्तविक घटना नहीं, बल्कि आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस का पूर्वाभ्यास था। इसमें करीब 150 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लेकर बलवा नियंत्रण की बारीकियां सीखीं।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित बलवा ड्रिल के दौरान जवानों को विधि विरुद्ध भीड़ को नियंत्रित करने के तरीके बताए गए। रबर बुलेट गन, एंटी राइट गन, टियर गैस गन, हैंड ग्रेनेड, टियर स्मोक सेल और नेट के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। इन उपकरणों का प्रयोग करते समय बरती जाने वाली सावधानियों से भी अवगत कराया गया।
अभ्यास के दौरान विषम परिस्थितियों में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के इस्तेमाल और पुलिस बल की भूमिका के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने जवानों को किसी भी आकस्मिक स्थिति में संयम, सतर्कता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अभ्यास का उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन में सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण का विश्वास मजबूत करना रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।