विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई: मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग को मिला आधुनिक पेंटा-हेड माइक्रोस्कोप, अब मरीजों को मिलेगी ये बड़ी सुविधा

Published: Sat, 21 Nov 2026 03:23 PM (IST)

हरदोई मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग में आधुनिक पेंटा-हेड माइक्रोस्कोप स्थापित किया गया है। यह उपकरण जटिल मामलों के सामूहिक निदान, रिपोर्ट की जांच और छात्रों की प्रयोगात्मक पढ़ाई में सहायक होगा, जिससे मरीजों को बेहतर और त्वरित जांच सुविधा मिलेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. एक स्लाइड को पांच विशेषज्ञ एक साथ देखकर निदान करेंगे।

  2. जटिल मामलों की सामूहिक समीक्षा, सटीक निदान में मिलेगी मदद।

  3. एमबीबीएस छात्रों को प्रयोगात्मक और व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा।

जागरण संवाददाता, हरदोई। मेडिकल कालेज के पैथोलाजी विभाग में आधुनिक पेंटा-हेड माइक्रोस्कोप स्थापित किया गया है। इस उपकरण के शुरू होने से अब एक ही स्लाइड को पांच विशेषज्ञ एक साथ देख सकेंगे, जिससे जटिल मामलों की सामूहिक समीक्षा, रिपोर्ट की जांच और रोगों के सटीक निदान में बड़ी मदद मिलेगी। साथ ही छात्रों को प्रयोगात्मक पढ़ाई करने में सहुलियत मिलेगी।

मेडिकल कालेज अस्पताल की पैथोलाजी उच्चीकृत होने के बाद से लगातार सुविधाएं बढ़ रहीं हैं। यहां कैंसर से लेकर बड़ी-बड़ी जांचें आसानी से होने लगी हैं। अब पैथोलाजी को पेंटा-हेड माइक्रोस्कोप मिला है। इस आधुनिक उपकरण के स्थापित होने से एमबीबीएस छात्रों और एमडी पैथोलाजी के रेजिडेंट चिकित्सकों को पढ़ाई में खासी मदद मिलेगी।

विशेषज्ञ एक ही नमूने पर कोशिकाओं, ऊतकों और बीमारियों से जुड़े सूक्ष्म बदलाव दिखाकर छात्रों को प्रयोगात्मक रूप से आसानी से समझा सकेंगे। इससे छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा और शिक्षण कार्य की गुणवत्ता भी सुधरेगी। इस उन्नत उपकरण के माध्यम से बायोप्सी, एफएनएसी, पैप स्मीयर, बोन मैरो और परिधीय रक्त की स्लाइडों की सामूहिक जांच संभव हो सकेगी।

कैंसर जैसे गंभीर रोगों के संदिग्ध मामलों में विशेषज्ञ चिकित्सक एक साथ स्लाइड की जांच कर अपनी राय साझा कर सकेंगे। इससे किसी भी रिपोर्ट की गहन समीक्षा करने, दूसरी विशेषज्ञ राय लेने और समय रहते सही निदान तक पहुंचने में सहूलियत होगी। विभागीय स्तर पर भी इस व्यवस्था को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पेंटा-हेड माइक्रोस्कोप लगने से पैथोलाजी विभाग की जांच सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ-साथ मरीजों को बेहतर और त्वरित जांच सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- रायबरेली में कोहरे से निपटने की तैयारी: रोडवेज बसों में लगेंगे 'ऑल वेदर बल्ब', फॉग लाइट की जरूरत खत्म

इस माइक्रोस्कोप के माध्यम से शिक्षक एक ही स्लाइड पर कोशिकाओं, ऊतकों और बीमारियों से जुड़े सूक्ष्म बदलाव दिखाकर समझा सकेंगे, जिससे एमबीबीएस और एमडी पैथोलाजी के विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक व व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने में बड़ी सहूलियत मिलेगी। -डॉ जेबी गोगोई, प्रधानाचार्य, मेडिकल कालेज, हरदोई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।