विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई में शादी तुड़वाने ससुराल पहुंचा युवक, छात्रा को तेजाब डालने की दी धमकी

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:31 AM (IST)

हरदोई में एक युवक ने बीए छात्रा की शादी तुड़वाने के लिए उसके होने वाले ससुराल में झूठी बातें फैलाईं। उसने छात्रा को तेजाब डालने और परिवार की हत्या करने की धमकी भी दी, जिसके बाद FIR दर्ज की गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. युवक ने छात्रा की शादी तुड़वाने का प्रयास किया।

  2. होने वाले ससुराल में झूठी बातें फैलाईं, दबाव बनाया।

  3. छात्रा को तेजाब डालने, परिवार हत्या की धमकी दी।

जागरण संवाददाता, हरदोई। बीए तृतीय वर्ष की छात्रा की शादी तुड़वाने के लिए एक युवक उसके होने वाले ससुराल पहुंच गया। वहां छात्रा के संबंध में भ्रामक बातें बताकर उसके होने वाले पति और सास-ससुर पर रिश्ता तोड़ने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, रास्ते में छात्रा को घेरकर कहीं और शादी करने पर उसके ऊपर तेजाब डालने और पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दी।

आरोप है कि युवक ने छात्रा की फोटो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर उसे बदनाम करने का प्रयास किया। युवक की हरकतों से दहशत में आए व्यापारी ने शहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है।

शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी व्यापारी ने बताया कि उनकी पुत्री बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। उन्होंने पुत्री की शादी तय कर दी है। इसकी जानकारी होने पर आरोपित युवक 13 नवंबर को उसकी होने वाली ससुराल पहुंच गया।

वहां उसने छात्रा से पहले ही शादी होने और गर्भपात कराने जैसी झूठी बातें बताईं। युवक ने रिश्ता न तोड़ने पर युवक और उसके स्वजन को जिंदगी भर पछताने की चेतावनी भी दी। उसी दिन शाम को उनकी पुत्री दवा लेने के लिए घर से निकली थी।

आरोपित ने रास्ते में उसे घेर लिया और कहीं अन्यत्र शादी करने पर तेजाब डालने की धमकी दी। साथ ही पूरे परिवार की हत्या करने की बात कही। आरोप है कि युवक ने इंटरनेट मीडिया पर भी छात्रा की फोटो के साथ आपत्तिजनक व भ्रामक बातें प्रसारित कीं।

इससे पूरा परिवार परेशान है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपित के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- हरदोई में पूजा के दौरान कुएं में गिरा मासूम, मातम में बदली शादी की खुशियां

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।