हरदोई में शादी के दबाव से आहत युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, ट्रैक के पास खड़ी मिली स्कूटी
हरदोई में शादी के पारिवारिक दबाव से परेशान 26 वर्षीय युवक सुरजीत ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिजनों ने बताया कि युवक शादी नहीं करना चाहता था।
-1795940869889_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
जागरण संवाददाता, हरदोई। शादी के पारिवारिक दबाव से आहत एक युवक ने रविवार सुबह ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मेमो के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, सिकंदरपुर निवासी सुरजीत (26) रविवार सुबह घर से शौच जाने की बात कहकर स्कूटी से निकला था। घर से करीब आठ किलोमीटर दूर शादीपुर गांव के पास बालामांऊ से सीतापुर रेलवे ट्रैक के पिलर संख्या 14/12 व 14/13 के बीच उसका शव पड़ा मिला।
ट्रेन संख्या 54321 अप के लोको पायलट द्वारा दिए गए मेमो के मुताबिक, युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसकी स्कूटी भी खड़ी मिली।
परिजनों के मुताबिक, सुरजीत राजस्थान में रहकर रामसा ग्रेनाइट में ऑपरेटर के रूप में काम करता था और शुक्रवार को ही घर लौटा था। रविवार को ही उसे देखने के लिए शादी वाले घर आने वाले थे, जबकि सुरजीत शादी नहीं करना चाहता था। बताया जा रहा है कि इसी पारिवारिक दबाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
मृतक दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था तथा गांव में काफी मिलनसार स्वभाव का माना जाता था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें- हरदोई में युवक की मौत के मामले में पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ FIR, प्रताड़ित करने का लगा आरोप