विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरदोई में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, बंद हुई चिटफंड कंपनी

Published: Fri, 20 Nov 2026 09:08 AM (IST)

हरदोई के पाली में एलयूसीसी कंपनी ने रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी की है, जिससे सैकड़ों निवेशकों की पूंजी फंस गई है। निर्धारित अवधि पूरी होने के बावजूद उन्हें भुगतान नहीं मिला और कंपनी बंद हो गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

संवादसूत्र, पाली। रकम दोगुनी करने और अच्छा ब्याज देने का भरोसा दिलाकर एलयूसीसी में करोड़ों रुपये जमा कराने के बाद निवेशकों की पूंजी फंस गई है। खाताधारकों का आरोप है कि निर्धारित अवधि पूरी होने के बावजूद उन्हें रुपये वापस नहीं मिले। पहले होली और फिर दीपावली तक भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन रकम नहीं मिली। कंपनी की वेबसाइट, एप और पैनल भी बंद हो गए हैं। निवेशकों ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।

पाली क्षेत्र के परेली गांव में वर्ष 2021 में एसबीआइ ग्राहक सेवा केंद्र संचालक अमरवीर सिंह ने एलयूसीसी का कार्यालय खोला था। गांव निवासी मेडिकल स्टोर संचालक मनोज मिश्र ने बताया कि एसबीआइ मिनी बैंक के साथ एलयूसीसी का संचालन किया जा रहा था। सेमिनार के माध्यम से लोगों को अधिक लाभ और रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया गया।

इस पर बड़ी संख्या में लोगों ने एफडी और बचत खाते खुलवाकर रुपये जमा किए। निवेशकों के अनुसार अप्रैल 2024 से जमा धनराशि की अवधि पूरी होने पर भी भुगतान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का दावा है कि करीब 800 खातों में करोड़ों रुपये जमा कराए गए थे। माधुरी के दो लाख, मनोज मिश्र के तीन लाख, सनी के एक लाख, कमल किशोर के एक लाख, दिनेश लाल के दो लाख और सुरेशचंद्र के दो लाख रुपये फंसे होने की बात कही गई है।

आरोप है कि कार्यालय बंद होने के बाद भी वसूली की गई। अमरवीर सिंह ने बताया कि एलयूसीसी में 16 एजेंट कार्यरत थे और करीब 350 खाते खोले गए थे। कंपनी वर्ष 2023 में बंद हो गई थी। इसके बाद किसी खाताधारक से रुपये नहीं लिए गए। कंपनी के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज है। वहीं, निवेशकों का कहना है कि जमा पूंजी वापस नहीं मिलने से वे परेशान हैं।

यह भी पढ़ें- हरदोई के तीन विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगे 6 नए पुल, बारिश में पानी के बहाव से नहीं कटेगा गांवों का संपर्क

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।