विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गैस के लिए एजेंसी पर लगी लंबी लाइन, फिर भी नहीं मिला सिलेंडर; सर्वर ठप होने से खाली हाथ लौट रहे लोग

Published: Fri, 13 Mar 2026 06:22 PM (IST)

हरदोई में पिछले दो दिनों से सर्वर डाउन होने के कारण रसोई गैस उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग में भारी परेशानी ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरदोई। घरेलू रसोई गैस की किल्लत से दो दिन से उपभोक्ता परेशान हैं। सर्वर के कारण बुकिंग न होने और घरेलू सिलेंडर प्राप्त करने के लिए सुबह से ही उपभोक्ता एजेंसी पर लाइन लगाए दिखे। पूरे दिन परेशान रहने के बाद भी कइयों को सिलेंडर नहीं मिल पाया। गैस की किल्लत के कारण लकड़ी व कोयल की मांग भी बढ़ गई है।

वहीं, प्रशासन की ओर से सिलेंडर की शत- प्रतिशत होम डिलेवरी देने के निर्देश दिए गए हैं और आम लोगों की समस्या के निदान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। खाड़ी युद्ध के कारण रसोई गैस व डीजल पेट्रोल की आपूर्ति पर असर पड़ा है। इसका असर जनपद मेंं भी नजर आने लगा है। दो दिन से सर्वर के काम न करने से उपभोक्ताओं की बुकिंग नहीं हो पा रही थी, इससे उपभोक्ता एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं।

शुक्रवार को शहर के जिंदपीर चौराहा पर संचालित एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई। सुबह साढ़े आठ बजे तक 80 से अधिक उपभोक्ता लाइन में लगे हुए थे। वह पूरे दिन लगे रहे, मगर अधिकांश को वापस लौटना पड़ा। इसी प्रकार शहर की अन्य एजेंसियों पर भी उपभोक्ताओं की लाइन लगी रही। इससे उपभोक्ता परेशान रहे।

सर्वर ने किया परेशान

विगत दो दिन से कंपनियों के सर्वर काम नहीं कर रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं की आनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। वहीं ई-केवाईसी का कार्य भी बंद है। इससे जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी नहीं हुई है, वह गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान हैं।

लकड़ी व काेयला की बढ़ी मांग

गैस की उपलब्धता न होने पर उसके स्थान पर लोग परंपरागत चूल्हें व अंगीठी का प्रयोग कर रहे हैं। लकडी व्यवसाय रफीक ने बताया कि वर्तमान में लकड़ी 70 रुपये प्रति किलो व कोयल 40 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। जिस पर मांग बढ़ रही है। इनकी कीमतें भी बढ़ सकती हैं।

कार्मर्शियल सिलेंडर के स्थान पर नेचुरल पाइन लाइन गैस का करें प्रयोग

जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि व्यवसायिक सिलेंडर का स्टाक सीमित है। जिसकी आपूर्ति शिक्षण संस्थाओं, ट्रेनिंग सेंटर, मिड डे मील के लिए की जाएगी। होटल व रेस्टोरेंट व्यवसायी नेचुरल पाइप लाइन गैस के लिए आवेदन करें, उसकी कमी नहीं है। घरेलू सिलेंडर का स्टाक मांग से दो गुना है। वहीं डीजल व पेट्रोल भी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध है।

एजेंसी नहीं घर मिलेगा गैस सिलेंडर

रसोई गैस उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद घर पर ही रसोई गैस सिलेंडर मिलेंगा। एजेंसी व गोदाम से उनका वितरण नहीं किया जाएगा। उपभोक्ताओं को ओटीपी बनाते पर ही सिलेंडर दिया जाएगा।

कंट्रोल रूम पर करें शिकायत 

ईंधन की समस्या के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिसका नंबर 05852-299155,299156,299157 है। कंट्रोल रूम सुबह दस से शाम छह बजे तक सक्रिय रहेगा। अगर उपभोक्ता को कोई समस्या हो, तो वह इस पर अपनी समस्या बता सकता है। उसका निदान शत प्रतिशत कराया जाए।

टीमेंं करेंगी जांच, कालाबाजारी पर रहेगी नजर

रसोईगैस,डीजल, पेट्रोल की कालाबाजारी और भंडारण न हो। इसके लिए एसडीएम की अध्यक्षता में टीमें बनाई गई हैं, अगर कहीं भंडारण व कालाबाजारी की शिकायत मिलती हैं, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिले में रसोईगैस, डीजल, पेट्रोल की कमी नहीं है।
अनुनय झा, जिलाधिकारी

यह है प्रशासनिक दावा

जिलाधिकारी के अनुसार जनपद में वर्तमान में 30725 घरेलू सिलेंडर उपलब्ध है। जिले में औसतन 11 से 12 हजार सिलेंडर का वितरण प्रतिदिन होता है। शुक्रवार को 12,186 सिलेंडर का वितरण किया गया।

यह भी पढ़ें- रायबरेली में सर्वर डाउन होने से बुकिंग और डिलीवरी की रफ्तार पड़ी धीमी, स्टॉक में रखे हैं 9736 सिलेंडर

वहीं, जिले में 1556 किलोलीटर पेट्रोल और 2150 किलोलीटर डीजल उपलब्ध है। शुक्रवार को 222 किलो लीटर पेट्रोल व 664 किलोलीटर डीजल की बिक्री है। जिले में पर्याप्त संख्या में ईंधन है।

गैस की कोई कमी नहीं

उपजिला अधिकारी अंकित तिवारी ने बताया कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त भंडार है। गैस की कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध सीधे एफआईआर कराई जाएगी। शहरी क्षेत्र में 21 के स्थान पर 25 दिन बाद दूसरी बुकिंग होगी, ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन बाद बुकिंग करा सकते हैं।