रायबरेली में सर्वर डाउन होने से बुकिंग और डिलीवरी की रफ्तार पड़ी धीमी, स्टॉक में रखे हैं 9736 सिलेंडर
रायबरेली में सर्वर डाउन होने के कारण एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी धीमी हो गई है, हालांकि जिले में ...और पढ़ें
-1773405545123_m.webp)
HighLights
सर्वर डाउन से एलपीजी बुकिंग, डिलीवरी रफ्तार धीमी हुई।
जिले में 9736 सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद।
केरोसीन डीलरों की खोज, ईंधन विकल्प बनने की तैयारी।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। धीरे-धीरे अफवाहों के चंगुल से लोग निकल रहे हैं। एजेंसियों से भीड़ कम हो रही है। शुक्रवार को 8954 सिलेंडर की डिलीवरी कराई गई। जबकि अभी भी जिले में 9736 सिलेंडर स्टाक में है।
हालांकि, पेट्रोलियम कंपनी को सर्वर डाउन होने से डिलीवरी व बुकिंग की रफ्तार धीमी हो गई है। जिला पूर्ति विभाग ने शासन के निर्देश पर केरोसीन डीलरों की खोज शुरू कर दी है। इससे साफ है कि शासन केरोसीन को फिर से ईंधन का विकल्प बनाने की तैयारी में जुट गया है।
जिले में तीन पेट्रोलियम कंपनी की हैं करीब 56 एजेंसियां
जिले में तीनों पेट्रोलियम कंपनी की करीब 56 एजेंसियां हैं। सभी एजेंसियों पर प्रतिदिन सिलेंडरों की आमद जारी है। शुक्रवार को जिले में 8954 सिलेंडरों की डिलीवरी कर दी गई है। शुक्रवार को आइओसीएल में प्रारंभिक स्टाक 10388 सिलेंडर रहा, 1209 सिलेंडर की आमद हुई, जिसमें 7129 सिलेंडर की डिलीवरी कर दी गई।
कंपनी के पास अभी भी 4486 का स्टाक मौजूद है। एचपीसीएल की एजेंसियों के पास पहले 3867 सिलेंडर का स्टाक था। 504 सिलेंडर और मंगाए गए। 1028 की डिलीवरी हो गई। इसके बाद भी 3343 सिलेंडर स्टाक में है। वहीं बीपीसीएल एजेंसियों के पास प्रारंभिक स्टाक 1912 का रहा। 810 सिलेंडर की और आमद हुई। 797 की बिक्री हो गई।
इसके बाद भी कंपनी के पास 1925 सिलेंडर स्टाक में हैं। अभी जनपद में 9736 सिलेंडर स्टाक में है। हालांकि कंपनियों का सर्वर डाउन है, इसके चलते उपभोक्ताओं को बुकिंग करने में दिक्कत आ रही है। वहीं एजेंसियों को भी डिलीवरी करने में अधिक समय लग रहा है। जिला पूर्ति विभाग का कहना है कि हर हाल में 72 घंटे में सिलेंडर की डिलीवरी हो रही है।
शासन के निर्देश के बाद केरोसीन के डीलरों की खोज शुरू हो गई है। केरोसीन पर रोक लगने से डीलरों के लाइसेंस भी रद्द हो गए हैं। नए सिरे से पूर्ति विभाग डीलरों को तैयार कर रहा है। इससे साफ है कि शासन एलपीजी पर पूरी तरह निर्भरता खत्म कर रहा है। विकल्प के तौर पर केरोसीन की आमद भी शुरू हो सकती है। एक बार फिर पहले की तरह घरों में स्टोव की आवाज सुनाई दे सकती है।
सूर्या गैस एजेंसी में 400 सिलेंडरों की हुई बिक्री
सूर्या गैस एजेंसी में भी सिलेंडरों की डिलवरी शुरू हो गई है। गुरुवार को सिलेंडर न मिलने से उपभोक्ताओं ने हंगामा किया था। जिला पूर्ति अधिकारी ने एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। शुक्रवार को 400 सिलेंडरों की बिक्री हुई।
स्टाक में 9736 सिलेंडर हैं। डिलीवरी लगातार जारी है। शुक्रवार को भी 8954 सिलेंडर की डिलीवरी कराई गई। सूर्या गैस एजेंसी में 400 सिलेंडरों की आमद हुई। आमद प्रतिदिन जारी रहेगी। केरोसीन के डीलरों की खोज की जा रही है। -उबैदुर्रहमान, जिला पूर्ति अधिकारी
