यूपी में 'काली सरकार' बाबा गिरफ्तार: आर्मी की ड्रेस पहनकर दिव्य दरबार लगाता, इंस्टा पर 1 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स
हरदोई के हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज, जो झांसी में 'काली सरकार बाबा' के नाम से जाना जाता था, को ...और पढ़ें

दिव्य दरबार लगाने वाला काली सरकार बाबा गिरफ्तार।
HighLights
हरदोई का हिस्ट्रीशीटर 'काली सरकार बाबा' फिर गिरफ्तार।
आर्म्स एक्ट के पुराने मामले में हुई गिरफ्तारी।
झांसी में नाम बदलकर चला रहा था धार्मिक दरबार।
जागरण संवाददाता, हरदोई। झांसी में नाम और पहचान बदलकर 'काली सरकार बाबा' बने हरदोई के हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज को पुलिस ने फिर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दस अक्टूबर को हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन के दौरान पुलिस उसे झांसी से पकड़कर लाई थी। हालांकि, अदालत में पेशी के बाद उसे रिहा कर दिया गया था।
इसके बावजूद उसके विरुद्ध पुराने आपराधिक मामले लंबित थे। इनमें आर्म्स एक्ट के एक मामले में वह फरार चल रहा था और अदालत से वारंट जारी था। इसी मामले में अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाबा के रूप में पहचान बना चुके हिस्ट्रीशीटर की दोबारा गिरफ्तारी चर्चा में है।
पहचान बदलकर रह रहा था हिस्ट्रीशीटर
कोतवाली शहर के चौहान थोक निवासी प्रदीप शुक्ला उर्फ नटरोज पुलिस अभिलेखों में हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। वह करीब तीन वर्ष से सत्यापन में नहीं मिल रहा था।
आर्मी की वर्दी पहनकर लगाता था दिव्य दरबार
इस दौरान उसने झांसी के मऊरानीपुर क्षेत्र के कुंरैचा गांव में काली सरकार मंदिर को अपना ठिकाना बना लिया था। वहां सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार के नाम से धार्मिक गतिविधियां शुरू कर दी थीं। प्रदीप आर्मी जैसी वर्दी पहनकर दिव्य दरबार लगाता था। बीमारियां ठीक करने और लोगों की समस्याएं दूर करने के दावे करता था।
इंस्टाग्राम पर एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स
उसके दरबार में दूर-दराज से लोग पहुंचते थे। इंस्टाग्राम पर भी उसके एक लाख से अधिक फॉलोअर्स हो गए थे। दस अक्टूबर को हरदोई और झांसी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे पकड़ा गया था।
अदालत में पेशी के बाद रिहाई मिल गई थी, लेकिन पुराने मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी रही। आर्म्स एक्ट के एक मामले में जारी वारंट के आधार पर पुलिस ने अब उसे दोबारा गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।