विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ: थाने से भाग गया हिस्ट्रीशीटर, फरारी के बाद घर से चरस की पुड़िया भी लेने गया, लेकिन पुलिस पकड़ने में रही नाकाम

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 02 Nov 2026 05:49 PM (IST)

Meerut News: मेरठ के नौचंदी थाने से एक हिस्ट्रीशीटर अरशद पुलिस हिरासत से फरार हो गया। पुलिसकर्मियों की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।

फरारी के बाद सीधे घर जाकर पत्नी से मिला, तब भी पुलिस पकड़ने में नाकाम


फरारी के बाद सीधे घर जाकर पत्नी से मिला, तब भी पुलिस पकड़ने में नाकाम

HighLights

  1. मेरठ के नौचंदी थाने से हिस्ट्रीशीटर अरशद हुआ फरार।

  2. वारंट जारी होने पर रात में किया था गिरफ्तार, सुबह हुआ फरार।

जागरण संवाददाता, मेरठ। गैर-जमानती वारंट में गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर और शातिर चोर को नौचंदी पुलिस थाने में केवल छह घंटे ही रोक पाई। छह बजे पुलिसकर्मी गहरी नींद में थे और आरोपित हथकड़ी समेत फरार हो गया। पुलिस अफसरों का दावा है कि वह हथकड़ी से हाथ निकालकर भागने में कामयाब हुआ।

सवाल उठ रहे हैं कि शातिर चोर को हवालात के बाहर क्यों बैठाया गया और इसके बावजूद चौकसी क्यों नहीं बरती गई? उसे केवल होमगार्ड के हवाले छोड़ दिया गया, जबकि रात्रि अफसर, थाने का पहरा और मुंशी की भी अहम जिम्मेदारी होती है। थाने से फरार होने के बाद आरोपी सीधे घर पहुंचा। इसके बावजूद पुलिस उसकी घेराबंदी नहीं कर सकी। पुलिस को उसकी फरारी की जानकारी काफी देर बाद मिली।

जैदी फार्म के ढिवाई नगर निवासी अरशद पुत्र शाकिर नौचंदी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। अरशद के खिलाफ चोरी, लूट व जेब काटने के चार मुकदमे दर्ज है। हिस्ट्रीशीटर के हाल में ही न्यायालय से वारंट जारी हुए थे। जिसके चलते रविवार की रात में थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बतौर थाना प्रभारी अरुण भाटी, थाने की जीडी में दाखिल करने के बाद उसे हवालात में डाल दिया।

अचानक ही अरशद ने तबीयत बिगड़ने की बात कही। तब उसे हवालात से निकाल कर पुलिस कार्यालय में बैठा दिया। उसकी निगरानी के लिए पहरा, रात्रि अफसर और थाने के मुंशी को लगाया था। सुबह साढ़े छह बजे वह पेशाब करने के लिए कार्यालय से बाहर निकला और इधर-उधर देखने के बाद हथकड़ी लेकर भाग गया।

हालांकि पुलिस का दावा है कि हथकड़ी से हाथ निकालकर भागा है। थाने से भागने के बाद अरशद सीधे घर पर पहुंचा। वहां से चरस की पुडिया लेकर निकल गया। अरशद मोबाइल का भी उपयोग नहीं करता है। सीसीटीवी से उसका पीछा करते हुए पुलिस की टीमें लोहियानगर थाना क्षेत्र तक पहुंच गई। माना जा रहा है कि चरस का नशा करने के बाद खेतों में पहुंच गया है।

देर शाम तक पुलिस की चार टीमें लगाने के बाद भी अरशद की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। अभी तक लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई नहीं हो सकी है।

अरशद को गिरफ्तारी के बाद हवालात से बाहर क्यों रखा गया?

गैर-जमानती वारंट के आरोपित को पकड़कर लाने के बाद जनरल डायरी (जीडी) में दर्ज किया जाता है और फिर हवालात में रखा जाता है। पुलिस ने अरशद को भी तत्काल जीडी में दर्ज किया था। पुलिस का दावा है कि तबीयत खराब होने पर उसे हवालात से निकालकर पुलिस कार्यालय में बैठाया गया। सवाल हैं कि तबीयत बिगड़ने के बाद जीडी में तस्करा दर्ज कर अरशद को डाक्टर को क्यों नहीं दिखाया गया।

इस मामले में थाना प्रभारी, रात्रि अफसर, थाने के पहरे पर तैनात पुलिसकर्मी और मुंशी की जिम्मेदारी बताई जा रही है। घटना के बाद अब तक किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। एसपी सिटी विनायक भोसले ने कहा कि अरशद की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो थाने के लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।