हरदोई में विकास की बहार: सुखेता नदी पर बनेगा पुल और हरपालपुर में होगा नया बस अड्डा का निर्माण
हरदोई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से बड़ी सौगात मिली है, जिसमें नौशहरा में सुखेता नदी पर 3.15 करोड़ ...और पढ़ें

HighLights
नौशहरा में सुखेता नदी पर 3.15 करोड़ का पुल बनेगा।
हरपालपुर में 2.50 करोड़ रुपये से नया बस अड्डा।
इन परियोजनाओं से हरदोई में आवागमन और विकास सुगम होगा।
जागरण संवाददाता, हरदोई। सुखेता नदी पर पुल निर्माण की ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की उम्मीद जगी है। नौशहरा से डभेलिया मार्ग पर नदी के ऊपर लघु सेतु के निर्माण के लिए शासन ने 315.24 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
पुल बनने से आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। क्षेत्रीय विधायक एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद शासन ने धनराशि स्वीकृत की है। लघु सेतु का निर्माण लोक निर्माण विभाग कराएगा।
अभी तक ग्रामीणों को सुखेता नदी पार कर गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में समस्या और बढ़ जाती थी।ग्रामीण लंबे समय से नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे।
शासन से स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में निर्माण शुरू होने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से आवागमन सुगम होने के साथ आसपास के गांवों को भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ने में मदद मिलेगी।
हरपालपुर में 2.50 करोड़ रुपये से बनेगा बस अड्डा
कस्बे में दशकों से चली आ रही बस स्टेशन की मांग अब पूरी होने की ओर बढ़ी है। विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह के प्रयास से शासन ने हरपालपुर में बस स्टेशन निर्माण के लिए 250 लाख रुपये (2.50 करोड़) की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। साथ ही निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
बस अड्डा न होने से कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को अलग-अलग स्थानों पर बसों का इंतजार करना पड़ता है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों, मरीजों और दूरदराज से आने वाले यात्रियों को विशेष परेशानी होती है। अब बस अड्डा बनने से यात्रियों को व्यवस्थित परिवहन सुविधा मिलने के साथ कस्बे में आवागमन भी सुगम होगा।
इससे स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने बताया कि बस अड्डा कटियारी क्षेत्र के लिए बहुुत ही जरूरी थी, जिसके लिए शासन स्तर पर काफी दिनों से प्रयास कर रहा था। उसी में सफलता मिली है।
