उन्नाव में टूटेगा पुराना बस स्टेशन, पीपीटी मॉडल पर नए के निर्माण को मिली हरी झंडी
उन्नाव में पुराने बस स्टेशन को तोड़कर एक नया और आधुनिक बस स्टेशन बनाया जाएगा, जिसके निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। यह पीपीटी मॉडल पर आधारित होगा।

यह फोटो एआई टूल की मदद से बनाई गई है।
HighLights
पुराने बस स्टेशन को तोड़कर नया आधुनिक स्टेशन बनेगा।
पीपीटी मॉडल पर निजी भागीदारी से होगा विकास।
आधुनिक प्रतीक्षालय, शौचालय, फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। पुराने बस स्टेशन को तोड़कर नया आधुनिक बस स्टेशन बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए हरी झंडी मिल गई है। बजट आते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी। शहर के हाकिम टोल स्थित पुराना बस स्टेशन पर बसों को खड़ी करने की जगह कम है।
इसके अलावा यहां सुविधाएं भी नहीं है। केवल एक कमरे का कार्यालय बन हुआ है। इससे यात्रियों के साथ- साथ कर्मचारियों और अधिकारियों को परेशानी होती है। लेकिन अब स्टेशन को नया रूप दिया जाएगा।
इसके लिए बस स्टेशन को तोड़कर नया स्टेशन बनाया जाएगा। इस योजना को मंजूरी मिल गई है। परिवहन निगम की ओर इसे विकसित किया जाएगा। पीपीटी मॉडल के अंतर्गत निजी भागीदारी से बस स्टेशन का विकास किया जाएगा। इससे सरकार पर आर्थिक बोझ कम होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
प्रस्तावित योजना में आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ और सुलभ शौचालय, पेयजल व्यवस्था, डिजिटल सूचना बोर्ड, सीसीटीवी निगरानी, फूड कोर्ट, रिटेल दुकानें और एटीएम जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा दिव्यांगजनों और बुजुर्ग यात्रियों के लिए रैंप, लिफ्ट और विशेष सहायता केंद्र भी बनाए जाएंगे। वहीं बसों के सुचारू संचालन के लिए प्लेटफॉर्मों का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
बसों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए प्रवेश और निकास मार्ग अलग-अलग होंगे, इससे जाम की समस्या कम होगी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर में पर्याप्त रोशनी और अग्निशमन उपकरण लगाए जाएंगे।
पीपीटी माडल के तहत बस स्टेशन को विकसित किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्टेशन परिसर में शापिंग जोन भी बनाए जाएंगे। इससे राजस्व में वृद्धि होगी। इस योजना को मंजूरी मिल गई है। बजट मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। -महेश कुमार, रीजनल, मैनेजर।
