हरदोई के चौराहों से हटेगा अतिक्रमण, 50 मीटर तक वाहन खड़े किए तो होंगे सीज
हरदोई प्रशासन ने शहर के चौराहों को अतिक्रमण मुक्त करने और यातायात सुगम बनाने की रणनीति तैयार की है। दैनिक ...और पढ़ें

अब 50 मीटर तक वाहन खड़े किए तो होंगे सीज।
HighLights
हरदोई के चौराहों से अतिक्रमण हटाने की तैयारी।
50 मीटर के दायरे में वाहन खड़े करने पर सीज।
दैनिक जागरण के अभियान से प्रशासन हुआ सक्रिय।
जागरण संवाददाता, हरदोई। शहर के चौराहों की सूरत बदलेगी। फुटपाथ खाली होंगे। चौराहों पर दुकानें नहीं लगेंगी। आसपास के 50 मीटर के दायरे में वाहन खड़े करने पर कार्रवाई होगी। नियम तोड़ने वालों के वाहन सीज किए जाएंगे। अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी होंगे। दैनिक जागरण के ''चौपट चौराहा'' अभियान ने प्रशासन को सक्रिय कर दिया है।
शहर के प्रमुख चौराहों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात सुगम बनाने और उनकी सुंदरता लौटाने की रणनीति तैयार की गई है। शुक्रवार शाम कोतवाली शहर में अधिकारियों और व्यापारियों की बैठक हुई। इसमें चौराहों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए व्यापारियों से सहयोग मांगा गया। व्यापारियों ने भी सहयोग का भरोसा दिलाया।
दैनिक जागरण ने छह अक्टूबर को 'अफसर देखते अतिक्रमण की नुमाइश', सात अक्टूबर को 'अतिक्रमण की गिरफ्त में सिनेमा चौराहा', आठ अक्टूबर को 'अतिक्रमण से जाम के जाल में फंसा जिंदपीर चौराहा' और नौ अक्टूबर को ''बड़ा चौराहा हो या अतिक्रमण का घेरा, निकलना मुश्किल'' शीर्षक से खबरें प्रकाशित की थीं। इनमें चौराहों पर अतिक्रमण के कारण बिगड़ी यातायात व्यवस्था और राहगीरों की परेशानियां उजागर की गई थीं।
अभियान पर जिलाधिकारी राहुल पांडेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के खास निर्देश दिए उसी को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार, सीओ सिटी अजीत चौहान, यातायात क्षेत्राधिकारी अनुज मिश्रा, यातायात प्रभारी प्रमोद यादव और नगर पालिका प्रतिनिधि ने व्यापारियों के साथ बैठक की।
चौराहों पर दुकानों का सामान फैलाने, ठेले और गुमटियों से होने वाले अतिक्रमण पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चौराहों और फुटपाथों पर अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। चौराहों के आसपास वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग रोकने और यातायात सुचारु रखने पर भी जोर दिया गया। बैठक के बाद अधिकारियों ने रोडवेज बस अड्डे का निरीक्षण किया।
चालकों को सड़क के बजाय परिसर के अंदर बसें खड़ी करने के निर्देश दिए। यातायात प्रभारी प्रमोद यादव ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की रणनीति तैयार है। जल्द अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। इससे चौराहों पर जाम से राहत मिलेगी और पैदल राहगीरों के लिए आवागमन सुगम होगा।
