भीड़भाड़ और लंबी वेटिंग से मिलेगी निजात, हरदोई से होकर गुजरेगी दिल्ली-वाराणसी स्पेशल ट्रेन
त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली-वाराणसी के बीच विशेष ट्रेन ...और पढ़ें
-1792235949583_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
दिल्ली-वाराणसी के बीच विशेष ट्रेन का संचालन त्योहारों के लिए।
यात्रियों को भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट से मिलेगी राहत।
हरदोई, लखनऊ, अयोध्या सहित कई स्टेशनों को मिलेगा लाभ।
जागरण संवाददाता, हरदोई। त्योहारों के मद्देनजर ट्रेनों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे प्रशासन ने दिल्ली और वाराणसी के बीच एक विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के संचालन से हरदोई सहित रूट पर पड़ने वाले कई प्रमुख स्टेशनों के मुसाफिरों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह ट्रेन दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें वातानुकूलित (एसी), स्लीपर और सामान्य (जनरल) श्रेणी के डिब्बे उपलब्ध रहेंगे।
रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 04032 दिल्ली-वाराणसी स्पेशल 17 अक्टूबर को रात नौ बजकर 10 मिनट पर दिल्ली स्टेशन से रवाना होगी। नई दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, बरेली और शाहजहांपुर होते हुए यह ट्रेन अगले दिन सुबह 4 बजकर 13 मिनट पर हरदोई पहुंचेगी। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद सुबह 4 बजकर 15 मिनट पर ट्रेन आगे के लिए प्रस्थान करेगी और लखनऊ, अयोध्या कैंट व जौनपुर के रास्ते दोपहर 3 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
वहीं, वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 04031 वाराणसी-दिल्ली स्पेशल 18 अक्टूबर को रात 8 बजकर 15 मिनट पर वाराणसी से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अगले दिन तड़के 4 बजकर 03 मिनट पर हरदोई पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद सुबह 4 बजकर 05 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना होगी।
इसके बाद शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद होते हुए सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में सीट न मिलने से परेशान यात्रियों के लिए यह ट्रेन एक सुलभ विकल्प बनेगी। खासकर हरदोई से दिल्ली और पूर्वांचल की यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त बर्थ मिल सकेगी।
