विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गढ़मुक्तेश्वर गंगा मेले में जाने वालों के लिए खुशखबरी, 27 नवंबर तक चलेंगी 350 अतिरिक्त बसें; चार्ट जारी

Published: Fri, 20 Nov 2026 05:52 PM (IST)

हापुड़ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के लिए परिवहन निगम ने 350 अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया है। ये बसें 27 नवंबर तक श्रद्धालुओं को गढ़मुक्तेश्वर आने-जाने में सुविधा प्रदान करेंगी।

गंगा मेले के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें। फोटो-जागरण

गंगा मेले के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें। फोटो-जागरण

HighLights

  1. कार्तिक पूर्णिमा मेले में 350 अतिरिक्त बसें संचालित होंगी।

  2. गढ़मुक्तेश्वर मेले के लिए 15 बसें आपात स्थिति हेतु आरक्षित।

  3. श्रद्धालुओं को 27 नवंबर तक मिलेगी परिवहन सुविधा।

अशरफ चौधरी, हापुड़। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने आवागमन की व्यवस्था को मजबूत करना शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए तीन जनपदों के डिपो से 350 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

ये बसें 27 नवंबर तक मेला क्षेत्र और आसपास के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएंगी। वहीं, किसी भी आपात स्थिति और यात्रियों की बढ़ती भीड़ से निपटने के लिए 15 बसें रिजर्व में रखी गई हैं।

कब होगा मुख्य स्नान?

गंगा किनारे आयोजित होने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले का मुख्य स्नान पर्व 24 नवंबर को है। इस दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गढ़मुक्तेश्वर पहुंचने की संभावना है।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने बसों के संचालन का खाका तैयार कर लिया है। इसके तहत सोहराब गेट और गढ़ डिपो से 200 बसें संचालित की जाएंगी।

बसों के संचालन का चार्ट जारी

हापुड़ डिपो की 100 बसें दिल्ली मार्ग पर श्रद्धालुओं को आवागमन की सुविधा देंगी। इसके अलावा बुलंदशहर डिपो की 50 बसें अस्थायी बस अड्डे से होकर गुजरेंगी। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से बसों के संचालन का चार्ट भी जारी कर दिया गया है।

अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि मेले के दौरान बसों का संचालन सुचारू बना रहे। विशेष रूप से मुख्य स्नान पर्व के दिन यात्रियों की संख्या में होने वाली बढ़ोतरी को देखते हुए बसों के फेरे और उपलब्धता पर नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर रिजर्व बसों को भी सड़क पर उतारा जाएगा।

भीड़ के हिसाब से बढ़ाई जाएगी उपलब्धता

एआरएम हेमंत मिश्रा ने बताया कि क्षेत्रीय प्रबंधक मेरठ की ओर से जारी पत्र के अनुसार गढ़, सोहराब गेट, हापुड़ और बुलंदशहर डिपो की कुल 350 बसें मेले के लिए चिह्नित की गई हैं।

इसके अतिरिक्त 15 बसों को रिजर्व रखा गया है। परिवहन निगम का प्रयास है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बसों के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों की भीड़ और जरूरत के अनुसार बसों का संचालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- हापुड़ गंगा मेल में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, रेतीले मैदान में आस्था और मस्ती का अद्भुत संगम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।