हापुड़ गंगा मेल में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, रेतीले मैदान में आस्था और मस्ती का अद्भुत संगम
हापुड़ के गंगा खादर में कार्तिक पूर्णिमा मेला भक्ति और मस्ती का अद्भुत संगम बन गया है, जिसमें लगभग सात लाख श्रद्धालु उमड़े हैं।
-1795172951713_m.webp)
हापुड़ गंगा मेले में ट्रैक्टर से घुमता परिवार। फोटो-जागरण
HighLights
हापुड़ के गंगा खादर में कार्तिक पूर्णिमा मेले का अद्भुत आयोजन।
लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर भक्ति और मस्ती का अनुभव।
भाकियू ने ठेकेदारों की मनमानी और पुलिस कार्रवाई पर आपत्ति।
ध्रुव शर्मा, हापुड़। गंगा खादर के विशाल रेतीले मैदान में लगने वाला कार्तिक पूर्णिमा मेला अद्भुत, अलौकिक एवं अनुपम रूप धारण कर चुका है। भक्ति, योग, ध्यान के साथ यहां मस्ती का संगम दिखाई दे रहा है। चारों तरफ गंगा मां के गूंजते जयकारे एवं देहाती गीतों की मस्ती श्रद्धालुओं के लिए एक नया अनुभव दे रही है।
वृद्ध आस्था से सराबोर हो रहे है तो युवा आस्था के साथ मस्ती के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। कार्तिक पूर्णिमा मेले में करीब सात लाख श्रद्धालुओं ने डेरा डाल दिया है।
कार्तिक स्नान का खास महत्व
कार्तिक मास में सूर्योदय से पूर्व स्नान करके पूजा अर्चना करने का विशेष महत्व है। इसी को देखते हुए अनेक लोग सूर्योदय से पूर्व ही स्नान कर पूजा अर्चना करते है। जब शांत होकर कलकल बहती गंगा सूर्योदय के स्पर्श को छूने का प्रयास कर रही होती है तो हजारों की संख्या में लोग जयकारों के बीच गंगा स्नान करते हैं।

काशी की तर्ज पर होने वाली मां गंगा की आरती एवं मंत्रोचार के बीच होता शंखनाथ यहां के माहौल को भक्तिमय बना रहा है। लोग गंगा स्नान के बाद रेत में बैठकर पूजा अर्चना कर रहे हैं तो कुछ लोग शिविरों में ध्यान लगाते दिखाई दे रहे हैं।
गंगा मेले में खास आयोजन
युवा वर्ग भी भक्ति के साथ मस्ती करता दिखाई दे रहा है। संपूर्ण मेले को पहली बार सुव्यवस्थित किया गया है। करीब आठ किलोमीटर की लंबाई एवं दो किलोमीटर की चौड़ाई में बजते भजन यहां के माहौल को भक्ति मय बना रहा है। इसके कारण यह मेला अद्भुत एवं अलौलिक रूप धारण कर चुका है।
भाकियू ने उठाई आवाज
भाकियू के जिलाध्यक्ष जीते चौहान ने शुक्रवार को अपने साथियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मेला सुव्यवस्थित है, लेकिन ठेकेदारों की मनमानी के कारण यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सामाजिक संगठनों को सामान देने में ठेकेदार अपनी मनमानी कर रहे हैं।

इसको लेकर उन्होंने चेतावनी दी है। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी भाकियू नेताओं एवं पदाधिकारियों के वाहन शिविर से पहले ही रोक रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाकियू के वाहनों को रोका गया तो वह धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
आज से मेले में बढ़ेगी संख्या
मेले में आज एकादशी का पर्व होने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या बढ़नी शुरू हो जाएगी। इसके बाद मेला मार्ग पर जाम के हालात बन सकते हैं। हालाकि इस वर्ष पुलिस प्रशासन ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को अलग- अलग रास्तों से निकालने की तैयारी पूर्ण कर ली है।

बुलंदशहर की तरफ से आने वाले वाहनों को अल्लाबक्ख्शपुर के सामने से मीरा रेती, शेराकृष्णा वाली मंढैया से निकालकर पशु मेले के रास्ते से मेला स्थल तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं हापुड़, दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहनों को मेला मार्ग से सीधा भेजा जा रहा है, जबकि मेरठ की तरफ से आने वाले वाहनों को शाहपुर चौधरी मार्ग से मेले में पहुंचाया जा रहा है।
गुरुकुल का प्रचार
मेले में विभिन्न धार्मिक संगठन प्रचार प्रसार कर रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुकुल ततारपुर के आचार्याे एवं शिष्यों द्वारा पंरपरा को आगे बढ़ाने तथा धर्म का प्रचार करने के लिए मेला क्षेत्र में पर्चे बांटकर गुरुकुल शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान संस्कृत शिक्षा के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।