हापुड़ में घर के आंगन में रखी पानी से भरी बाल्टी में 2 साल की बच्ची डूबी, परिवार में मचा कोहराम
पिलखुवा के आर्यनगर में दो वर्षीय बच्ची भूरी की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। वह खेलते समय बाल्टी में गिरे गिलास को निकालने की कोशिश में संतुलन खो बैठी, जिससे परिवार में मातम छा गया।

हापुड़ में पानी से भरी बाल्टी में डूबने से बच्ची की मौत। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, पिलखुवा। घर के आंगन में खेल रही दो वर्षीय मासूम के लिए पानी से भरी बाल्टी काल बन गई। खेलते-खेलते गिलास बाल्टी में गिर गया तो उसे निकालने के प्रयास में बच्ची उसमें झुक गई और संतुलन बिगड़ने से बाल्टी में जा गिरी।
पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी देर बाद स्वजन को घटना का पता चला तो घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में बच्ची को चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
गिलास निकालते समय बाल्टी में गिरी मासूम
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आर्यनगर के रहने वाले संदीप कामगार हैं। शनिवार शाम को उनकी दो वर्षीय बेटी भूरी घर के आंगन में खेल रही थी। उस समय घर में पिता संदीप, मां पिंकी और दादी मुन्नी मौजूद थे। आंगन में पानी से भरी बाल्टी रखी थी।
बच्ची गिलास से पानी निकालकर खेल रही थी। इसी दौरान गिलास उसके हाथ से छूटकर बाल्टी में गिर गया। गिलास निकालने के लिए बच्ची बाल्टी में झुकी तो संतुलन बिगड़ने से वह उसमें गिर गई और पानी में डूब गई।
काफी देर बाद स्वजन को हुई घटना की जानकारी
स्वजन घरेलू कार्यों में व्यस्त थे। काफी देर तक बच्ची की आवाज सुनाई नहीं दी तो उन्होंने उसकी तलाश की। बाल्टी में बच्ची को देखकर उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे पास के चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां मृत घोषित कर दिया गया।
मासूम की मौत से माता-पिता और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि बच्ची की बाल्टी में डूबने से मौत होने की जानकारी मिली है। इस संबंध में पुलिस को कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।