हापुड़-ब्रजघाट जा रहे हैं तो ध्यान दें, 22 से 25 नवंबर तक रूट डायवर्जन; 23-24 को जीरो ट्रैफिक की तैयारी
गंगा स्नान के कारण हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ और मेरठ-मुरादाबाद सहित कई प्रमुख मार्गों पर 22 से 25 नवंबर तक यातायात धीमा रहेगा। श्रद्धालुओं की भीड़ और जाम से बचने के लिए भारी व हल्के वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है।

हापुड़ में चार दिन के लिए रहेगा डायवर्जन। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, हापुड़। गंगा स्नान के लिए घर से निकलने से पहले रास्तों की जानकारी जरूर कर लें, वरना जाम में फंसकर सफर का पूरा गणित बिगड़ सकता है।
कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान के मद्देनजर दिल्ली-लखनऊ और मेरठ-मुरादाबाद समेत जिले के कई प्रमुख मार्गों पर अगले चार दिन तक यातायात की रफ्तार थमी रहेगी।
गढ़मुक्तेश्वर, ब्रजघाट और आसपास के करीब 10 किलोमीटर के दायरे में श्रद्धालुओं और वाहनों का दबाव बढ़ने से लंबे जाम की आशंका है। हालांकि, इस बार गंगा एक्सप्रेसवे के संचालन के चलते मालवाहक वाहनों को रोकने की व्यवस्था नहीं की गई है।
ऐसे में गंगा स्नान के दौरान भी माल-सामान की आपूर्ति सुचारू बनी रहेगी। पिछले वर्षों में स्नान पर्व के दौरान मालवाहक वाहनों को रोकने से आपूर्ति प्रभावित होती थी और कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
इस बार गंगा एक्सप्रेसवे मालवाहक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में मददगार साबित होगा।
प्रमुख मार्गों पर चार दिन रहेगा यातायात दबाव
दिल्ली-लखनऊ हाईवे, मेरठ-मुरादाबाद मार्ग, मेरठ-बुलंदशहर मार्ग और स्याना-मेरठ मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। विशेषकर गढ़मुक्तेश्वर और ब्रजघाट की ओर जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ वाहनों की रफ्तार प्रभावित होगी।
ऐसे में जरूरी है कि वाहन चालक यात्रा शुरू करने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी लें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
पुलिस और यातायात विभाग की ओर से निर्धारित व्यवस्था का पालन कर ही सफर करें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
22 से 25 नवंबर तक लागू रहेगा डायवर्जन
एसपी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि भारी वाहनों के लिए डायवर्जन 22 नवंबर दोपहर 12 बजे से 25 नवंबर शाम आठ बजे तक प्रभावी रहेगा। जबकि हल्के वाहनों के लिए 22 नवंबर शाम आठ बजे से 25 नवंबर शाम आठ बजे तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ और राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते निर्धारित किए गए हैं।
भीड़ बढ़ने पर लागू होगा जीरो ट्रैफिक
23 और 24 नवंबर को श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर यातायात व्यवस्था और सख्त की जा सकती है। आवश्यकता पड़ने पर कुछ समय के लिए जीरो ट्रैफिक लागू किया जाएगा।
इस दौरान संबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी। अत्यधिक भीड़ अथवा जाम की स्थिति में हल्के वाहनों को भी कुछ समय के लिए रोकने का निर्णय लिया जा सकता है।
भारी वाहनों का डायवर्जन
- दिल्ली-गाजियाबाद से अमरोहा, मुरादाबाद की ओर: एनएच-09 से आने वाले भारी वाहन हापुड़ के सिंभावली कट से गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ेंगे। इसके बाद मेरठ के 32.5 किलोमीटर माइलस्टोन से यू-टर्न लेकर हसनपुर गंग कट और संभल कट से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
- मुरादाबाद से दिल्ली-गाजियाबाद की ओर: भारी वाहन चंदौसी और संभल कट से गंगा एक्सप्रेसवे होते हुए सिंभावली कट से एनएच-09 पर पहुंचेंगे।
- गजरौला से हापुड़-दिल्ली की ओर: वाहन गजरौला से हसनपुर गंग कट होकर गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंचेंगे। यहां से सिंभावली कट के रास्ते एनएच-09 पर पहुंचकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
- मेरठ-किठौर से स्याना-बुलंदशहर की ओर: इस दिशा से आने वाले भारी वाहनों को किठौर से हापुड़, मुदाफरा, टियाला, ततारपुर और सिंभावली कट होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।
छोटे और हल्के वाहनों का डायवर्जन
- दिल्ली-गाजियाबाद से अमरोहा-मुरादाबाद की ओर: हल्के वाहन हापुड़ से खुडलिया अंडरपास के रास्ते गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ेंगे। इसके बाद हसनपुर गंग कट और संभल कट से आगे अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
- मुरादाबाद से दिल्ली-गाजियाबाद की ओर: वाहन चंदौसी और संभल कट से गंगा एक्सप्रेसवे होते हुए सिंभावली कट से एनएच-09 पर पहुंचेंगे।
- गजरौला से हापुड़-दिल्ली की ओर: इस दिशा के वाहन हसनपुर गंग कट से गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंचेंगे। इसके बाद सिंभावली कट से एनएच-09 के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे।
- मेरठ-किठौर से गढ़-स्याना़ की ओर: वाहन किठौर से टियाला, ततारपुर और सिंभावली कट होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
आपात स्थिति में बदलेगा रूट
एसपी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से डायवर्जन की यह नई व्यवस्था है। ऐसे में किसी अप्रत्याशित परिस्थिति में पुलिस पूर्व निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भी यातायात संचालित करा सकती है।
अत्यधिक भीड़ अथवा जाम की स्थिति में हल्के वाहनों को भी कुछ समय के लिए रोका जा सकता है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने और यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- हापुड़ गंगा मेले में दिखा सादगी और शाही अंदाज का अनोखा संगम, चूल्हे की रोटी में घुली मां के हाथों की मिठास
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।