विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ गंगा मेले में दिखा सादगी और शाही अंदाज का अनोखा संगम, चूल्हे की रोटी में घुली मां के हाथों की मिठास

Published: Sat, 21 Nov 2026 03:19 PM (IST)

देवोत्थान एकादशी पर हापुड़ के गंगा मेले में आस्था, रिश्तों की गर्माहट और ग्रामीण संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। मां के हाथ की रोटी, भाई-बहन का प्रेम और बच्चों की अठखेलियों के साथ, बेशकीमती घोड़ों ने भी मेले की रौनक बढ़ाई।

गंगा की रेती पर चूल्हे पर रोटियां सेकती मां-बेटी। जागरण

गंगा की रेती पर चूल्हे पर रोटियां सेकती मां-बेटी। जागरण

HighLights

  1. मां-बेटी ने चूल्हे पर बनाई रोटियां, परिवार ने लिया स्वाद।

  2. भाई ने नन्हीं बहन को कराया गंगा स्नान, दिखा निश्छल प्रेम।

  3. बच्चों ने रेती को बनाया खेल का मैदान, घोड़ों ने खींचा ध्यान।

केशव त्यागी, हापुड़। गंगा की लहरों में आस्था की डुबकी, रेती पर बिखरे संस्कार और अपनों के साथ बिताए सुकून के पल...। देवोत्थान एकादशी पर गंगा की रेती पर मानो एक अलग ही दुनिया आबाद थी।

वहीं, यहां सिर्फ पर्व मनाने की परंपरा नहीं, बल्कि रिश्तों की गर्माहट, ग्रामीण संस्कृति की मिठास और बचपन की निश्छल खुशियां भी जीवंत नजर आईं।

कहीं मां-बेटी चूल्हे पर रोटियां सेंकती दिखीं तो कहीं महिलाएं रेती पर रंगोली सजाकर भगवान के पूजन की तैयारी कर रही थीं।

एक भाई अपनी नन्हीं बहन को गोद में उठाकर गंगा स्नान कराने पहुंचा तो बच्चों ने रेती को ही अपना खेल का मैदान बना लिया। हर दृश्य में भक्ति थी, अपनापन था और जिंदगी को करीब से महसूस करने का अलग ही अंदाज था।

82336146

रेत में परिजन के साथ कबड्डी खेलती महिलाएं। जागरण

चूल्हे की रोटी में घुली मां के हाथों की मिठास

गंगा मेले में आधुनिकता से दूर गांव की रसोई का मनमोहक दृश्य भी देखने को मिला। एक स्थान पर मां-बेटी चूल्हे पर रोटियां बनाती नजर आईं। बेटी रोटियां बेल रही थी तो मां उन्हें चूल्हे पर सेंक रही थीं।

वहीं, पास ही परिवार के सदस्य चटनी और गुड़ के साथ गरमागरम रोटियों का स्वाद ले रहे थे। न कोई दिखावा, न किसी तरह की जल्दबाजी... बस अपनों का साथ और चूल्हे की रोटी का स्वाद। यह दृश्य बता रहा था कि मेले की असली खुशी महंगे पकवानों में नहीं, बल्कि परिवार के साथ बिताए इन छोटे-छोटे पलों में छिपी है।

नन्हीं आंखों में संस्कारों की दस्तक

गंगा की रेती पर महिलाओं का समूह पारंपरिक रंगोली बनाने में जुटा था। महिलाएं देवोत्थान एकादशी के पूजन की तैयारियां कर रही थीं। उनके हाथों से रेत पर उभरती रंगोली में आस्था और परंपरा की सुंदर छटा दिखाई दे रही थी।

पास खड़ा एक मासूम बच्चा एकटक रंगोली को निहार रहा था। उसकी उत्सुक निगाहें मानो सवाल कर रही थीं कि आखिर रेत पर इतनी सुंदर आकृतियां कैसे बनती हैं। यह दृश्य केवल रंगोली बनाने का नहीं, बल्कि एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक संस्कार पहुंचने का भी था।

82346276

गंगा की रेती में आनंद लेते किशोर। जागरण

नन्हीं बहन को उठाकर गंगा मैया की गोद में पहुंचा भाई

गंगा तट पर भाई-बहन के प्रेम का ऐसा दृश्य दिखा, जिसने लोगों का मन मोह लिया। करीब आठ साल का एक बालक अपनी तीन साल की मासूम बहन को गोद में उठाकर घाट पर ले गया। उसने पूरी सावधानी के साथ बहन को गंगा स्नान कराया।

छोटी बहन भाई की गोद में सुरक्षित नजर आई तो भाई भी अपनी जिम्मेदारी निभाने में मग्न था। गंगा की लहरों के बीच भाई-बहन का यह निश्छल प्रेम रिश्तों की खूबसूरती बयां कर रहा था।

कबड्डी की चुनौती, रेत में बचपन की अठखेलियां

गंगा की रेती युवाओं और बच्चों के लिए किसी बड़े खेल मैदान से कम नहीं थी। कहीं युवा कबड्डी खेलकर एक-दूसरे को चुनौती दे रहे थे तो कहीं बच्चे रेत में लोटपोट होकर मस्ती कर रहे थे।

कुछ बच्चों ने गंगा के पानी से जमीन को चिकना किया और फिर वहीं खेल में जुट गए। उनके चेहरों पर न मोबाइल की चिंता थी और न किसी दूसरी दुनिया की फिक्र। रेत में सनी उनकी मुस्कान बता रही थी कि बचपन की सबसे बड़ी दौलत खुलकर जीने की आजादी है।

लहरों में बाल उछालकर महिलाओं ने मनाया उल्लास

मेले में महिलाएं भी पर्व के उल्लास में सराबोर नजर आईं। कहीं महिलाएं गंगा की लहरों में बाल उछालकर अठखेलियां कर रही थीं तो कहीं आपस में हंसी-ठिठोली का दौर चल रहा था। कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों को गंगा स्नान और पूजन की परंपराएं समझाती दिखीं।

कुछ महिलाएं संगठित होकर तुलसी पूजन कर रही थीं। गंगा मैया के प्रति श्रद्धा के साथ बच्चों को संस्कार देने की यह तस्वीर मेले की आध्यात्मिक सुंदरता को और गहरा कर रही थी।

अपनी दुनिया में मस्त दिखे मासूम

गंगा तट पर बच्चों की मासूमियत भी खूब रंग बिखेर रही थी। एक बच्चा अपनी खिलौने वाली रिक्शा पर बैठकर रेतीले मैदान का आनंद ले रहा था तो दूसरा अपनी नन्हीं अंगुलियों से रेत पर कुछ आकृतियां उकेरने में मग्न था।

वहीं, उसकी छोटी-छोटी अंगुलियां रेत पर क्या बना रही थीं, यह तो वही जानता था, लेकिन उसकी तल्लीनता देखकर ऐसा लग रहा था मानो वह गंगा मैया के सामने अपनी छोटी-सी दुनिया की कोई मुराद रख रहा हो।

घोड़े बने आकर्षण का केंद्र

गंगा मेले के पशु बाजार में बागपत के दोघट के शांतनु के तीन घोड़े पार्थ, अंगद और अनमोल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। शांतनु तीनों घोड़ों को बेचने के लिए मेले में लेकर पहुंचे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक घोड़े की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। घोड़ों की कद-काठी और आकर्षक अंदाज देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटती रही।

गंगा की रेती पर जहां एक ओर श्रद्धा और सादगी का संसार बसा था, वहीं दूसरी ओर इन बेशकीमती घोड़ों ने मेले की रौनक में शाही रंग भी भर दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।