न बकाया मिला, न चली सिंभावली मिल... खेतों में खड़ा रह गया गन्ना-गेहूं, मटर और सरसों की बोआई अटकी
सिंभावली चीनी मिल से किसानों को करोड़ों का गन्ना भुगतान नहीं मिला है और पेराई सत्र भी शुरू नहीं हुआ ...और पढ़ें

HighLights
किसानों को करोड़ों रुपये का गन्ना भुगतान अभी तक नहीं मिला।
सिंभावली चीनी मिल का पेराई सत्र समय पर शुरू नहीं हुआ।
गन्ना खेतों में खड़ा होने से अगली फसल की बुवाई रुकी।
संवाद सहयोगी, सिंभावली(हापुड़)। चीनी मिल से जुड़े किसान पहले ही करोड़ों रुपए का गन्ना भुगतान नहीं मिलने से परेशान थे, अब पेराई सत्र के संचालन में देरी ने किसानों की मुश्किलें ओर बढ़ा दी हैं।
भावली चीनी मिल का संचालन समय पर नहीं होने से किसानों के सामने अगली फसल की बोआई का संकट खड़ा हो गया है। गेहूं, मटर और सरसों की बोआई का समय निकलता जा रहा है, लेकिन खेतों में गन्ना खड़ा होने के कारण किसान दूसरी फसल की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं।
बता दें कि चीनी मिल के करीब 156 क्रय केंद्र दूसरी चीनी मिलों को आवंटित कर दिए गए हैं। वर्तमान में मिल के पास केवल छह क्रय केंद्र और एक गेट शेष है। इतनी कम मात्रा में गन्ना उपलब्ध होने के कारण मिल प्रबंधन संचालन को लेकर असमर्थता जता रहा है।
नवंबर में भी नहीं चल सकी मिल
जबकि क्षेत्र के किसानों को अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मिल संचालन का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन नवंबर माह में भी मिल नहीं चल सकी है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति और खेती का चक्र प्रभावित हो रहा है।
शेष क्रय केंद्र भी दूसरी मिलों को देने की मांग के बावजूद अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। इस संबंध में समाजसेवी एवं गन्ना संघ लखनऊ के प्रतिनिधि डॉक्टर राजेंद्र सिंह ओलख ने मंगलवार को एक्स (ट्विटर) के माध्यम से मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी हापुड़ से किसानों की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
भुगतान भी नहीं मिला और चीनी मिल भी बंद पड़ी है। ऐसे में अगली फसल की बोआई और आर्थिक स्थिति किसान पर और ज्यादा कर्ज हो जाएगा।
-फिरासत चौधरी, वैठ
छह क्रय केंद्र और गेट के किसानों की समस्या का शासन-प्रशासन जल्द निस्तारण करें। क्योंकि किसान अगली फसल की बोआई के लिए परेशान है।
-डॉक्टर राजेंद्र सिंह ओलख
क्रय केंद्र दूसरी चीनी मिलों को मिलने से गन्ना कम हो गया है, ऐसी स्थिति में मिल को चलाना संभव नहीं है। हमारे द्वारा की गई अपील पर 12 नवंबर को शासन में क्रय केंद्रों पर सनवाई है। फिर भी जो भी गन्ना है उसे लेने का प्रयास है।-करन सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (चीनी मिल सिंभावली)
सिंभावली चीनी मिल के नाम पर इंडेंट पर गन्ना लेकर ब्रजनाथपुर चीनी मिल में ले जाने पर जोर दे रहे हैं। ऐसे में इनके पिछले बकाया भुगतान की कौन गारंटी लगा। बिना शासन की अनुमति के कोई भी निर्णय लेना संभव नहीं है।
-राकेश पटेल, समिति सचिव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।