विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हमारी सरकार बनी तो जेल से हटाएंगे बड़ी पाबंदी', आजम खां से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने ठोका ये दावा

Published: Thu, 12 Nov 2026 04:04 PM (IST)

शिवपाल यादव ने डासना जेल में आजम खां से मुलाकात के बाद कहा कि सपा सरकार बनने पर जेलों में ...और पढ़ें

सपा नेता शिवपाल यादव। सोशल मीडिया

सपा नेता शिवपाल यादव। सोशल मीडिया

HighLights

  1. सपा सरकार बनने पर जेलों में मुलाकात की जाली हटेगी।

  2. शिवपाल यादव ने डासना जेल में आजम खां से मुलाकात की।

  3. आजम खां के साथ अन्याय और उत्पीड़न का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जेलों में बंदियों से मुलाकात के दौरान बीच में लगाई जाने वाली जाली हटवाई जाएगी। यह व्यवस्था बंदियों के साथ उत्पीड़न है और प्रोटोकॉल का भी उल्लंघन है।

गुरुवार को डासना जिला कारागार में बंद सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां से मुलाकात करने पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कही।

उन्होंने कहा कि आजम खां उत्तर प्रदेश में 10 बार विधायक, चार बार मंत्री और दो बार सांसद रहे हैं। इसके बावजूद जेल में उनसे जाली लगाकर मुलाकात कराई गई। यह सीधे तौर पर प्रोटोकॉल का उल्लंघन है।

चुनाव में पार्टी के लिए करेंगे प्रचार

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर जेलों में मुलाकात के दौरान जाली लगाने की इस व्यवस्था को खत्म कराया जाएगा। केवल आजम खां ही नहीं, बल्कि जेल में बंद अन्य बंदियों का भी उत्पीड़न हो रहा है। सरकार को इस व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। जेल से बाहर आने के बाद आजम खां विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार करेंगे।

उन्होंने कहा कि आजम खां मजबूती से खड़े हैं और समाजवादी पार्टी में ही रहेंगे। कांग्रेस के साथ गठबंधन है और आगे भी रहेगा। भाजपा के खिलाफ सभी वर्गों में नाराजगी है। उन्होंने आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल भाजपा को सत्ता से हटाना नहीं चाहते हैं।

राहत मिलने की उम्मीद

शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खां के साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है। उनके और उनके परिवार के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराकर उत्पीड़न किया जा रहा है। उनका दोष सिर्फ इतना है कि उन्होंने गरीब बच्चों के लिए विश्वविद्यालय बनाया और वह मुस्लिम हैं। ऐसे में उन्हें न्यायालय से ही राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि आजम खां मजबूती से खड़े हैं और समाजवादी पार्टी में ही रहेंगे।

बता दें कि एक नवंबर को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद आजम खां को गाजियाबाद न्यायालय में पेश किया गया था। मामला रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय में वित्तीय अनियमितताओं और धनशोधन से जुड़ा है।

न्यायालय ने सुनवाई के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जिला कारागार भेज दिया था। इसके बाद गुरुवार को शिवपाल यादव उनसे मुलाकात करने पहुंचे।

यह भी पढ़ें- 'आजम खां की सिर्फ एक गलती...', डासना जेल से निकल शिवपाल यादव का बड़ा बयान; मुलाकात के बाद उठाए गंभीर सवाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।