शरद पूर्णिमा 2026: ब्रजघाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 'हर-हर गंगे' के जयकारों से गूंजा गंगा तट
शरद पूर्णिमा के अवसर पर हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर तहसील में कच्चा घाट लठीरा, पुष्पावती पूठ और ब्रजघाट पर श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।

शरद पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए ब्रजघाट पर उमड़ी भीड़
HighLights
शरद पूर्णिमा पर गढ़मुक्तेश्वर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़।
पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए कड़े इंतजाम किए।
हाईवे पर वाहनों की धीमी गति, धर्मशालाएं और होटल फुल।
राममोहन शर्मा, हापुड़ (ब्रजघाट)। गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र में तीन स्थानों कच्चा घाट लठीरा, पुष्पावती पूठ एवं तीर्थ नगरी ब्रजघाट में शरद पूर्णिमा पर श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगा कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं।
तीर्थ नगरी ब्रजघाट, गढ़मुक्तेश्वर के कच्चा घाट लठीरा तथा पुष्पावती पूठ में सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त में ही श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान शुरू कर दिया है। हर - हर गंगे के जयकारों, शंख ध्वनि तथा मंत्रोचार से संपूर्ण गंगा तट भक्ति रस से सराबाेर हो रहा है।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु हनुमान मंदिर, श्रीराधा कृष्ण मंदिर, वेदांत मंदिर, अमृत परिसर, नक्का कुआं मंदिर, श्री कल्याणेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना कर रहे हैं। वहीं अनेक श्रद्धालु इस शुभ संयोग पर गंगा स्नान के बाद श्री सत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण कर गरीब एवं असहाय लोगों में अन्न, वस्त्र एवं धन आदि का दान कर रहे हैं।
भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण हाईवे पर वाहन कछुआ गति से रेंग रहे हैं। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए पुलिस प्रशासन के अधिकारी लगातार अनांउस मेंट करने के साथ ही मोटर बोट से गश्त कर रहे हैं। वहीं कई मोटर बोट पर गोताखोरों को तैनात किया गया है। पुलिस कर्मी सादी वर्दी में लगातार निगरानी कर रहे हैं।
हाईवे से लेकर पार्किंग एवं गंगा तट तक पुलिस का पहरा चल रहा है। सीसीटीवी के माध्यम से पूरे गंगा तट पर नजर रखी जा रही है। हालाकि इस दौरान वाहनों की अधिकता के कारण हाईवे पर वाहन कछुआ गति से रेंग रहे हैं। गंगा स्नान करने के लिए अनेक श्रद्धालु रविवार की देर शाम से ही तीर्थ नगरी में पहुंचना शुरू हो गए थे। इसके कारण धर्मशाला एवं होटल आदि पहले ही फुल हो गए थे।
