विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी यूपी की सियासत में बड़ा दांव, नूरपुर से 23 दिसंबर को चुनावी शंखनाद करेंगे PM मोदी, किसान-जाट बेल्ट पर नजर

Published: Sun, 29 Nov 2026 04:27 PM (IST)

पीएम मोदी पश्चिमी यूपी के नूरपुर (चौधरी चरण सिंह की जन्मस्थली) से यूपी विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। यह कदम किसान आंदोलन के बाद जाट मतदाताओं को साधने और पश्चिमी यूपी की 136 सीटों पर भाजपा की पकड़ मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। फाइल फोटो - जागरण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। फाइल फोटो - जागरण

HighLights

  1. पीएम मोदी नूरपुर से यूपी चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे।

  2. पश्चिमी यूपी के किसान-जाट मतदाताओं को साधने का प्रयास।

  3. चौधरी चरण सिंह की जन्मस्थली से भाजपा राजनीतिक संदेश देगी।

ठाकुर डीपी आर्य, हापुड़। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में इस बार चुनावी शंखनाद किसी आम सियासी मंच से नहीं, बल्कि किसान राजनीति के सबसे बड़े प्रतीकों में शुमार पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जन्मस्थली नूरपुर से होगा।

23 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहीं से यूपी विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकेंगे। पश्चिमी यूपी की 136 विधानसभा सीटों वाले किसान-जाट बेल्ट को चुनावी रणनीति के केंद्र में रखने का यह फैसला अपने आप में अहम राजनीतिक संदेश है।

भाजपा ने इस क्षेत्र में 93 सीटें जीतीं

पिछले चुनाव में भाजपा ने इस क्षेत्र में 93 सीटें जीती थीं, लेकिन किसान आंदोलन के बाद किसान और जाट मतदाताओं के बीच पार्टी की पकड़ को लेकर उठते रहे सवालों के बीच नूरपुर का चयन बताता है कि इस बार भाजपा शुरुआत से ही पश्चिमी यूपी के सियासी समीकरणों को साधने पर जोर दे रही है। चौधरी चरण सिंह की विरासत से जुड़ी धरती पर मोदी का पहुंचना महज रैली नहीं, बल्कि किसान राजनीति के केंद्र में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कवायद भी है।

93 सीटों पर जीत दर्ज की 

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 136 विधानसभा सीटों को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इस क्षेत्र में 93 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बावजूद किसान आंदोलन के बाद उपजे राजनीतिक विमर्श और जाट मतदाताओं के रुख को लेकर भाजपा की क्षेत्रीय पकड़ पर लगातार सवाल उठते रहे हैं।

वहीं, जाट मतदाताओं को साधने के लिए पिछले दिनों भूपेंद्र चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया, लेकिन वह बिरादरी में खास पकड़ नहीं दिखा सके। ऐसे में चौधरी चरण सिंह की जन्मस्थली से चुनावी अभियान की शुरुआत का राजनीतिक महत्व बढ़ जाता है।

इसके जरिए भाजपा किसान राजनीति के ऐतिहासिक प्रतीकों से जुड़ाव, जाट समाज तक राजनीतिक संवाद और पश्चिमी यूपी में संगठनात्मक मजबूती का संदेश देने की कोशिश होती दिखाई द रही है।

दरअसल, पश्चिमी यूपी की राजनीति में किसान और जाट मतदाता लंबे समय से निर्णायक भूमिका निभाते रहे हैं। ऐसे में चुनावी बिगुल इसी धरती से फूंकने का फैसला बताता है कि भाजपा इस बार चुनावी रणनीति में पश्चिमी यूपी को शुरुआती प्राथमिकता में रख रही है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि नूरपुर की रैली में प्रधानमंत्री के संबोधन में किसान, गन्ना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय विकास जैसे मुद्दों को कितनी प्रमुखता मिलती है, जिससे किसान और जाट मतदाताओं से उनका सीधा जुड़ाव प्रदर्शित हो सके।

पश्चिम क्षेत्र का सियासी गणित

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 14 जिलों की 71 विधानसभा सीटें किसान और जाट राजनीति का प्रमुख केंद्र मानी जाती हैं। इस क्षेत्र में जाट समुदाय की आबादी करीब 17 प्रतिशत है। राजनीतिक आंकलनों के मुताबिक, 45 से 50 विधानसभा सीटों पर जाट मतदाता प्रभावशाली भूमिका निभाने की स्थिति में हैं।

  • पश्चिमी यूपी के कुल मतदाताओं में जाटों की हिस्सेदारी करीब 17 प्रतिशत।
  • 45 से 50 सीटों पर जाट मतदाताओं का प्रभाव निर्णायक माना जाता है।
  • गन्ना बेल्ट के मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, मेरठ और बिजनौर में जाट राजनीति का विशेष प्रभाव है।
  • यह पूरा क्षेत्र गन्ना, गेहूं और धान की खेती के लिए जाना जाता है। जाटों के अलावा गुर्जर, त्यागी, सैनी, मुस्लिम, दलित और अन्य समुदायों के बड़े वर्ग की आजीविका खेती से जुड़ी है।

प्रदेश की राजनीति की चाबी होगा वेस्ट यूपी

उत्तर प्रदेश की सत्ता का रास्ता पश्चिमी यूपी से होकर गुजरता है। प्रदेश की करीब 403 विधानसभा सीटों में पश्चिमी क्षेत्र की 136 सीटें राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण हैं। प्रदेश की कुल सीटों का करीब एक-तिहाई हिस्सा इसी क्षेत्र में आता है। किसान, जाट, मुस्लिम, गुर्जर, दलित और अन्य पिछड़े वर्गों की प्रभावशाली मौजूदगी इसे चुनावी राजनीति का अहम केंद्र बनाती है। ऐसे में आगामी चुनावों से पहले इस प्रभावशाली पक्ष को साधकर आगे बढ़ने की तैयारी है।

पश्चिमी यूपी का सियासी मिजाज गन्ना भुगतान, किसान हित, बिजली, रोजगार, कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द जैसे मुद्दे चुनावी विमर्श को दिशा देते हैं। 2017 में भाजपा ने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की थी, जबकि 2022 में कई इलाकों में विपक्षी दलों ने अपनी स्थिति मजबूत की। जाट मतदाताओं की मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद और आसपास के जिलों में अहम भूमिका है।

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी ने की 78 हजार करोड़ की परियोजनाओं की समीक्षा, पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने पर दिया जोर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।