पीएम मोदी ने की 78 हजार करोड़ की परियोजनाओं की समीक्षा, पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने पर दिया जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने 78 हजार करोड़ रुपये से अधिक की पांच बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की, जिसमें समय पर क्रियान्वयन और गुणवत्ता पर जोर दिया गया।

पीएम मोदी ने 78 हजार करोड़ की परियोजनाओं की समीक्षा की (फाइल फोटो)
HighLights
पीएम ने 78 हजार करोड़ की पांच बुनियादी परियोजनाओं की समीक्षा की।
परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्ता और देरी पर जोर दिया।
स्थानीय रोजगार, कौशल विकास और आईटीआई आधुनिकीकरण पर ध्यान केंद्रित।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को 78 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली पांच महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में देरी का असर केवल लागत बढ़ने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे आम नागरिकों, कारोबारियों और अर्थव्यवस्था को मिलने वाले लाभ भी टल जाते हैं।
प्रधानमंत्री ने प्रगति (प्रो-एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इंप्लीमेंटेशन) प्लेटफार्म की 55वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए सड़क, रेलवे, बिजली और कोयला क्षेत्रों की परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित मंत्रालयों और राज्य सरकारों को लंबित मुद्दों का समाधान स्पष्ट जिम्मेदारी और व्यावहारिक समयसीमा के साथ करने का निर्देश दिया।
उन्होंने परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के साथ निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, मोदी ने सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए खर्च के बजाय परिणामों पर ध्यान देने और काम में तेजी लाने को कहा। कोयला परियोजनाओं के संबंध में उन्होंने पुनर्वास और पुनर्स्थापन की प्रक्रिया समय पर तथा सम्मानजनक तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया।
बिजली क्षेत्र में उन्होंने विकेंद्रीकृत सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं के नए माडल तलाशने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, ऐसी परियोजनाएं बिजली खपत केंद्रों के नजदीक विकसित की जानी चाहिए, ताकि सस्ती और विश्वसनीय बिजली उपलब्ध कराने के साथ पारेषण ढांचे पर दबाव कम किया जा सके।
बैठक में प्रधानमंत्री ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आइटीआई) और प्रधानमंत्री कौशल एवं रोजगार क्षमता परिवर्तन योजना (पीएम-सेतु) की भी समीक्षा की।
उन्होंने राज्यों और उद्योगों से आइटीआइ के आधुनिकीकरण तथा प्रशिक्षण को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बनाने में सहयोग करने को कहा। प्रधानमंत्री ने कौशल विकास के लिए क्लासरूम, कंपनी और करियर (3सी) मॉडल अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा और मजबूरी में होने वाले पलायन को कम करने में मदद मिलेगी।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।