गंगा मैया के भजनों से गूंज उठा हुआ गढ़मुक्तेश्वर मेला, मालिनी अवस्थी ने लोकगीतों से बांधा समां
लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने गढ़ गंगा कार्तिक पूर्णिमा मेले में भक्ति और लोकसंस्कृति का अद्भुत रंग बिखेरा। उनकी मधुर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
-1795367528221_m.webp)
गढ़मुक्तेश्वर मेले में मालिनी अवस्थी ने लोकगीतों से बांधा समां। फोटो-जागरण
HighLights
मालिनी अवस्थी ने गढ़ मेले में भक्ति और लोकगीत प्रस्तुत किए।
गंगा मैया की महिमा का गुणगान कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया।
मेले में संगीत, संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम दिखा।
जागरण संवाददाता, हापुड़। गढ़ गंगा कार्तिक पूर्णिमा मेले में रविवार को सुप्रसिद्ध लोकगायिका मालिनी अवस्थी की सुरमयी प्रस्तुतियों ने भक्ति और लोकसंस्कृति का अद्भुत रंग बिखेरा।
उन्होंने गंगा मैया की महिमा का गुणगान करते हुए सुंदर भक्ति गीतों के साथ समाज और लोककल्याण से जुड़े पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत किए। उनकी मधुर आवाज और मनमोहक अंदाज ने मेले में मौजूद श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गंगा मैया के जयकारों से गूंजा मेला
मालिनी अवस्थी ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से गंगा की महिमा, भारतीय लोकपरंपराओं और सामाजिक सरोकारों को सुरों में पिरोया। एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियों पर श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
गंगा की रेती पर सजे मेले में संगीत, संस्कृति और आस्था का ऐसा संगम देखने को मिला कि दर्शक देर तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। लोकगीतों की मिठास और गंगा मैया के जयकारों से मेला परिसर गुंजायमान हो उठा।
मालिनी अवस्थी ने सुनाया चर्चित लोकगीत
मालिनी अवस्थी ने अपने चर्चित लोकगीत चलो री गुइयां, गंगा नहाये लें, गंगा रेती पे बंगला, रामजी के भइले जनमवा और नीक लागे सिया के बलमुआ अंगनवा के बीच सहित कई लोकप्रिय गीत सुनाकर वाहवाही लूटी।
इस अवसर पर विधायक हरेंद्र तेवतिया, जिलाधिकारी कविता मीना, एसपी मधुवन कुमार सिंह, एएमए शिशुपाल शर्मा, सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। मालिनी अवस्थी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ लगी है।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में पांटून पुल ने भरे 84 साल पुराने जख्म, अब श्रद्धालु एक साथ कर रहे गढ़ गंगा और तिगरी धाम के दर्शन