विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और करेक्शन कराने को उमड़ी भीड़, हापुड़ में जमा हुए 7728 फॉर्म

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:53 PM (IST)

हापुड़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में तेजी आई है, जिसमें 1104 बूथों पर नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए लोग उमड़े और 7728 फॉर्म जमा हुए।

मतदाता सूची में नाम देखते बीएलओ। जागरण

मतदाता सूची में नाम देखते बीएलओ। जागरण

HighLights

  1. हापुड़ में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान ने पकड़ी तेजी।

  2. 1104 बूथों पर 7728 फॉर्म हुए जमा।

  3. जिलाधिकारी ने बूथों का निरीक्षण कर दिए निर्देश।

संवाद सहयोगी, हापुड़। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, कटवाने और त्रुटियों में सुधार कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में अब तेजी आने लगी है।

रविवार को जिले के सभी 1104 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की मौजूदगी में विशेष अभियान चलाया गया।

बता दें, विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान जिले में करीब 1.88 लाख मतदाता अनुपस्थित पाए जाने के चलते उनकी प्रविष्टियां सूची से हटाई गई थीं। ऐसे मतदाताओं को अपना नाम दोबारा जुड़वाने का अवसर दिया जा रहा है।

इसके लिए बीएलओ को बूथों पर बैठकर मतदाताओं की समस्याएं सुनने और फार्म भरवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शहर के आर्य कन्या पाठशाला, एसएसवी कालेज, जैन कन्या, ताराचंद और शांति स्वरूप इंटर कॉलेज समेत विभिन्न मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

82417659

बूथ पर बीएलओ को निर्देश देतीं जिलाधिकारी कविता मीना। जागरण

जिलाधिकारी कविता मीना और सदर एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कविता मीना ने बीएलओ को दिशा निर्देश भी दिए।

बूथ केंद्र पर लगा मिला ताला

कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी मोदीनगर रोड के गांव गाेयना स्थित कंपोजिट विद्यालय पहुंचे। जहां बूथ पर ताला लगा मिला। बूथ पर बीएलओ भी मौजूद नहीं था। राकेश त्यागी ने सदर उपजिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह को फोन किया और इस लापरवाही की शिकायत की।

पहली बार बनी है वोट

पिलखुवा के रेलवे रोड स्थित मोहल्ला घास मंडी की रहने वाली इकरा ने बताया कि उसकी पहली बार वोट बनी है। फार्म भरकर दे दिया है। इकरा ने बताया कि मतदाता सूची में मेरा नाम होगा और अपने मन से सरकार को चुनने का मौका मिलेगा।

उधर, गढ़मुक्तेश्वर के रहने वाले मयंक ने बताया कि उसने भी फार्म भरकर बीएलओ का दिया है। काफी अच्छा लग रहा है।

अधिकतर बूथों पर खाली बैठे रहे BLO

जिले के अधिकतर बूथों पर बीएलओ खाली बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने लोगों से फोन पर संपर्क कर जानकारी दी, लेकिन किसी ने कोई खास रुचि नहीं दिखाई। अब बीएलओ उन लोगों से दोबारा संपर्क कर रहे हैं, जिन्होंने कोई भी रुचि नहीं दिखाई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने फोन कर मामले की जानकारी दी। उनको आश्वासन दिया है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, लापरवाही करने वाले बीएलओ को चिन्हित करके हटाने का काम किया जाएगा। - प्रेमपाल सिंह, सदर एसडीएम

यह भी पढ़ें- वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की दौड़ तेज, गाजियाबाद में 44 हजार ने किया आवेदन; कब तक है मौका?


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।