वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की दौड़ तेज, गाजियाबाद में 44 हजार ने किया आवेदन; कब तक है मौका?
गाजियाबाद में मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद 44 हजार लोगों ने नाम जुड़वाने और 3 हजार ने हटवाने के लिए आवेदन किया है।
-1795401918940_m.webp)
राजनगर एक्सटेंशन स्थित रिवर हाइट सोसायटी में निरीक्षण के दौरान बीएलओ से बात करते डीएम। सौ. प्रशासन
HighLights
मतदाता सूची ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद 44 हजार आवेदन।
3 हजार लोगों ने नाम हटाने के लिए आवेदन किया।
बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन और नए पहचान पत्र।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन होने क बाद रविवार सुबह तक 44 हजार लोगों ने मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया है।
तीन हजार लोग ऐसे हैं, जिनमें मतदाताओं का नाम सूची से हटाने के लिए आवेदन मिले हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रविवार को भी सभी पोलिंग बूथों पर विशेष अभियान चलाया गया, जिससे कि लोग आसानी से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन 17 नवंबर को किया गया था। उस वक्त जिले में यदि धौलाना आंशिक विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं को भी शामिल किया जाए तो 24.40 लाख के करीब मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज था।
विशेष अभियान चलाया जा रहा
उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट के प्रकाशन के बाद 16 दिसंबर तक आपत्ति व दावे प्राप्त किए जाने का समय निर्धारित है। जिले में 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करना है। जिससे कि निर्धारित समय से पहले ही सभी छूटे मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन प्राप्त हो जाएं।
उन्होंने बताया कि रविवार को हाइराइज सोसायटियों में भी बीएलओ को जाकर एओए से संपर्क करने के निर्देश दिए गए थे, जिससे कि इन सोसायटियों में रहने वाले लोगों को भी यह पता चल सके कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं है, यदि नही है तो वो किस तरह से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं।
इसी क्रम में राजनगर एक्सटेंशन स्थित रिवर हाइटस सोसायटी और गौर ग्रीन सोसायटी में निरीक्षण कर वहां पर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्याें को चेक किया गया।
सोसायटी में नोटिस बोर्ड पर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जानकारी लिखी गई है, पोस्टर लगाए गए हैं। इससे अधिक से अधिक मतदाताओं को जागरूक करने में मदद मिलेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों की उम्र एक जनवरी 2027 को 18 साल पूरी हो रही है, वे अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए फार्म संख्या छह भरकर जमा करें।
3.39 लाख मतदाताओं के मतदाता पहचान पत्र बने
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआइआर के बाद जिन लोगों के पास मतदाता पहचान पत्र नहीं थे, ऐसे 3.39 लाख मतदाताओं के मतदाता पहचान पत्र बनाने का कार्य पूरा हो चुका है।
डाक विभाग के माध्यम से मतदाताओं के घर पर मतदाता पहचान पत्र पहुंचाए जा रहे हैं। विशेष अभियान के दौरान जो नए मतदाता बन रहे हैं, उनके भी मतदाता पहचान पत्र जल्द ही बनवाकर दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- एसआइआर में काट दिया गया था मतदाता सूची से नाम, जुड़वाने के लिए जा पहुंचे नौ हजार से ज्यादा लोग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।