एसआइआर में काट दिया गया था मतदाता सूची से नाम, जुड़वाने के लिए जा पहुंचे नौ हजार से ज्यादा लोग
मेरठ में विधानसभा मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत शिविर में एसआइआर से हटाए गए नाम जुड़वाने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पहले दिन 9000 से अधिक फॉर्म छह जमा हुए, जिसमें नाम हटाने और सूची में त्रुटियों को लेकर शिकायतें भी मिलीं।

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
एसआइआर से हटाए गए नाम जुड़वाने के लिए पहुंचे।
पहले दिन 9000 से अधिक फॉर्म छह जमा हुए।
मतदाता सूची में त्रुटियों को लेकर शिकायतें दर्ज हुईं।
जागरण संवाददाता, मेरठ। विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के दौरान शनिवार को आयोजित विशेष शिविर में बूथों पर बड़ी संख्या में ऐसे लोग पहुंचे, जिनके नाम एसआइआर (विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान) के दौरान मतदाता सूची से हटा दिए गए थे। इनमें से अधिकांश लोग वर्ष 2003 की मतदाता सूची से अपना संबंध स्थापित नहीं कर सके थे।
नाम हटाने पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा नाम शामिल करने के लिए आवेदन भी किया। मतदाता और उसके संबंधियों के नामों में गड़बड़ी की भी तमाम शिकायतें बूथों पर पहुंची। ड्राफ्ट मतदाता सूची में अन्य क्षेत्रों के मतदाताओं के नाम भी जुड़े मिले। जिन्हें बीएलओ द्वारा चिह्नित करके सही बूथ की सूची में शामिल कराने का प्रयास किया जा रहा है। राजनीतिक दलों के पदादिकारी और बूथ एजेंट भी इस दौरान सक्रिय दिखाई दिए।
नाम जुड़वाने के लिए भरे गए नौ हजार से ज्यादा फार्म छह
विशेष शिविर के पहले शनिवार को बड़ी संख्या में मतदाता बूथों पर पहुंचे। उन्होंने ड्राफ्ट मतदाता सूची देखी और उसमें नाम शामिल न होने पर फार्म छह भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया। प्रत्येक बूथ पर कई कई लोग ऐसे पहुंचे जिनके नाम पुरानी मतदाता सूची में शामिल थे लेकिन एसआइआर के दौरान उनके नाम सूची से हटा दिए गए। इनमें अधिकांश लोग ऐसे हैं जो वर्ष 2003 की मतदाता सूची से अपना अथवा अपने संबंधी का संबंध स्थापित नहीं कर सके थे। नाम काटने पर कुछ लोगों ने बीएलओ से नाराजगी भी जताई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजय वर्धन तोमर ने बताया कि पहले दिन जनपद में कुल 9500 फार्म मिले। जिनमें 9000 फार्म छह हैं तथा पांच सौ से ज्यादा अन्य फार्म भी मिले।
तोपखाना में पिता-पुत्र ने जमा कराया फार्म छह
छावनी परिषद क्षेत्र के तोपखाना स्थित सीएबी जूनियर हाई स्कूल में पांच बूथ थे। एसआइआर में मतदाता संख्या कम होने के कारण बूथ की संख्या तीन रह गई है। शनिवार को विशेष शिविर में यहां भी लोगों की भीड़ रही। लगभग 15 लोगों ने फार्म छह जमा कराए। आर ए बाजार निवासी प्रखर सुभाशुंग और उनके पिता लाल कुमार लिंबू ने बताया कि उनके नाम एसआइआर के दौरान मतदाता सूची से हट गए थे। आज उन्होंने फार्म छह भरकर दिया है।
मवाना कस्बे मदरसा इस्लामिया बूथ पर हाजी अनवार 88 वर्ष मोहल्ला खैरात अली, युसुफ कुरैशी मोहल्ला खैरातअली, राजेंद्र कुमार मोहल्ला कल्याण सिंह, विवेक मोहल्ला खैरातअली, विकास मोहल्ला काबलीगेट तथा नरेंद्र कुमार मोहल्ला कल्याण सिंह समेत कुछ छह ऐसे लोगों ने फार्म छह जमा कराए जिनके नाम मतदाता सूची से हट गए थे। प्रत्येक बूथ पर ऐसा ही हाल रहा।
सभासद ने पुत्री का नाम हटाने पर जताई नाराजगी
सरधना के संत जोसेफ इंटर कालेज में स्थापित बूथ पर मोहल्ला टाउनहाल रोड निवासी सभासद खालिद अंसारी शनिवार को पहुंचे तता आरोप लगाया कि उनकी बेटी गुलफ्सा का नाम हटा दिया गया था। पहले भी फार्म छह भरा गया लेकिन नाम शामिल नहीं हो सका। उन्होंने आज फिर से फार्म भरकर जमा कराया। उन्होंने बीएलओ की बूथ पर नियमित मौजूदगी न होने की शिकायत भी की। सरूरपुर ब्लाक के करनावल में बूथों से बीएलओ के जल्दी चले जाने की शिकायत मिली।
पति के नाम में मिली गड़बड़ी, ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज हैं दूसरे मुहल्ले के नाम
बागपत रोड पर प्राथमिक विद्यालय मुल्तान नगर के बूथ की मतदाता सूची में महिला मतदाता मानसी के पति का नाम गलत दर्ज मिला। उन्होंने इसके संशोधन के लिए आवेदन किया। बताया कि पूर्व में भी संशोधन का प्रयास किया गया था। जो विफल रहा था। बीएलओ कुलदीप ने बताया कि यहां नए मतदाता बनने के लिए युवा खुद सामने आ रहे हैं। कुछ लोगों के नाम पुरानी सूची से हटने की शिकायत भी है। उनके फार्म छह भरवाए जा रहे हैं। बीएलओ ने बताया कि उनके बूथ की मतदाता सूची में कुछ मुस्लिम लोगों के नाम शामिल हैं। जबकि इस क्षेत्र में मुस्लिम मतदाता नहीं हैं। ये किसी दूसरे बूथ के मतदाता हैं जिनके नाम त्रुटिवश जुड़ गए होंगे। इनका समाधान कराया जा रहा है।
मतदाता सूची में खामियां हैं
ड्राफ्ट मतदाता सूची में बड़ी संख्या में ऐसे लोगों के नाम नहीं हैं जो पुरानी मतदाता सूची में दर्ज थे। ऐसे लोगों के फार्म छह भरकर जमा कराए जा रहे हैं। एसआइआर अभियान में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची में शामिल होने से रह गए थे। मतदाता सूची में खामियां भी हैं। जिनका संशोधन कराया जा रहा है।-रफीक अंसारी, शहर विधायक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।