सेल्फी का शौक बना जानलेवा, हापुड़ में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो किशोरों को मारी टक्कर; एक की मौत
हापुड़ में एनएच-9 पर सेल्फी लेते समय दो किशोरों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे 15 वर्षीय जैद की मौत हो गई और उसका दोस्त अरमान गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

हापुड़ में सड़क हादसे में एक किशोर की मौत जबकि दूसरा घायल। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एनएच-नौ पर हाईवे किंग ढाबे पर सेल्फी लेने का शौक दो किशोरों के लिए जानलेवा साबित हुआ। सोमवार शाम ढाबे पर सेल्फी ले रहे बाइक सवार दो किशोरों को तेज रफ्तार अज्ञात कार ने सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में 15 वर्षीय जैद की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अरमान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
सेल्फी लेकर लौटते समय कार ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, कुचेसर रोड चौपला के फतेहपुर के आरिफ का पुत्र जैद (15 वर्षीय) सोमवार शाम अपने पड़ोसी बल्लू के पुत्र अरमान के साथ घर से बिना बताए बाइक लेकर निकल गया था।
दोनों किशोर हाईवे किंग ढाबे पर सेल्फी लेने पहुंचे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान ढाबे के सामने सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों किशोर उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर कुचेसर रोड चौपला चौकी प्रभारी गौरव वशिष्ठ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जैद को मृत घोषित कर दिया, जबकि अरमान की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया।
बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
जैद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता आरिफ और मां कौसर का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे को कुछ देर पहले तक घर में देखने की उम्मीद थी, उसकी मौत की खबर ने स्वजन को झकझोर कर रख दिया।
थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि जैद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल अरमान का उपचार चल रहा है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाली कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह बरतें सावधानियां, रखें ध्यान
- नाबालिग बच्चों को बिना अनुमति बाइक या स्कूटी लेकर घर से न निकलने दें।
- 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
- बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें।
- हाईवे पर वाहन रोककर सेल्फी लेने या फोटो खिंचवाने से बचें।
- सड़क किनारे वाहन खड़ा करते समय सुरक्षित स्थान का चयन करें।
- बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
- बच्चों की गतिविधियों और उनके बाहर जाने के समय पर अभिभावक नजर रखें।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में कार्तिक पूर्णिमा पर चंद मिनट का सफर घंटों में बदला, गढ़मुक्तेश्वर मेले से लौटते श्रद्धालु जाम में फंसे
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।