अब हापुड़ में विद्यालयों ने शुरू की नई पहल, बच्चें कर सकेंगे गुप्त शिकायतें, फौरन होगी कार्रवाई
हापुड़ में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सरकारी और निजी विद्यालयों की मासिक जांच होगी, जिसमें सुविधाओं और मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन की हकीकत जांची जाएगी।
-1795572312564_m.webp)
अब हापुड़ में विद्यालयों ने शुरू की नई पहल ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर विद्यालयों की मासिक जांच शुरू।
छात्राओं के लिए एमएचएम कॉर्नर और स्वच्छता पर विशेष ध्यान।
बच्चों की गोपनीय शिकायतों से सुविधाओं में सुधार होगा।
संवाद सहयोगी, हापुड़। सरकारी स्कूलों में सुविधाओं को लेकर किए जा रहे दावों की अब जमीनी हकीकत सामने आएगी। जिले में 498 परिषदीय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चार और माध्यमिक 16 विद्यालय है।
वहीं, मान्यता प्राप्त निजी शिक्षण संस्थान में हर महीने 100 विद्यालयों की जांच करके रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कवायद शुरू की गई है। छात्राओं की मासिक धर्म संबंधी स्वच्छता के लिए विद्यालयों में एमएचएम (मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन) कॉर्नर बनाना होगा।
जागरूकता संबंधी पोस्टर होंगे उपलब्ध
यहां सैनेटरी नैपकिन, इनरवियर, यूनिफार्म और जागरूकता संबंधी पोस्टर उपलब्ध रखने होंगे। उधर, नैपकिन वितरण के लिए वेंडिंग मशीन व नोडल शिक्षिका की व्यवस्था भी जरूरी होगी। इस्तेमाल किए गए नैपकिन के सुरक्षित निस्तारण का इंतजाम भी जांचा जाएगा।
जरूरत पड़ने पर छात्राओं को सुविधा मिल सके, इसके लिए सुरक्षित कक्ष की उपलब्धता भी परखी जाएगी। बीएसए दीपा भाटी ने बताया कि तहसील स्तर पर टीम बनाई जाएगी। हर महीने विद्यालयों का निरीक्षण कराकर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। वहीं, ब्लाक स्तर पर ई-मेल आइडी तैयार कर जल्द ही विद्यालयों में चस्पा कराई जाएगी।
शौचालयों में पानी, साबुन और कुंडी तक देखेंगे अधिकारी
निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय, दरवाजों पर कुंडी, खिड़कियां, पानी, साबुन और नियमित सफाई की स्थिति देखी जाएगी। सफाईकर्मियों की तैनाती व वैकल्पिक व्यवस्था का ब्योरा भी लिया जाएगा।
दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए सुगम शौचालय समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता पर भी जवाबदेही तय होगी।
बच्चों से लिया जाएगा सीधा फीडबैक
निरीक्षण के दौरान बच्चों की शिकायतों और सुझावों को भी शामिल किया जाएगा। अधिकारी उनसे सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानेंगे और पहचान गोपनीय रखेंगे। इसके लिए ब्लाक स्तर पर ई-मेल आइडी बनाई जाएगी, जिसे छात्र-छात्राओं के साथ साझा किया जाएगा।
बच्चे कर सकेंगे गुप्त शिकायत
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर साल में कम से कम एक बार सभी विद्यालयों की तय सीमा पर अनिवार्य जांच भी होगी। विद्यालयों में कमी होने या फिर सुविधा न मिलने पर छात्र-छात्राएं अपनी पहचान गुप्त रखकर जारी किए गए ई-मेल आइडी पर सीधे शिकायत और सुझाव भेज सकेंगे, जिससे विद्यालयों की सेहत को सुधारा जा सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।