गढ़मुक्तेश्वर में तार चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, तीन बदमाश गिरफ्तार; 6 क्विंटल वायर बरामद
पुलिस ने गढ़मुक्तेश्वर में तार चोरी करने वाले एक गिरोह से मुठभेड़ की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए और ...और पढ़ें

तार चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़।
HighLights
गढ़मुक्तेश्वर में पुलिस की तार चोर गिरोह से मुठभेड़ हुई।
दो बदमाश गोली लगने से घायल, एक को गिरफ्तार किया गया।
छह क्विंटल चोरी का तार और हथियार बरामद किए गए।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। तार चोरी करने वाले गिरोह से सोमवार देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे बदमाश को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब छह क्विंटल विद्युत लाइनों से चोरी किया गया तार, आटो, दो तमंचे, चार कारतूस व विद्युत लाइन काटने के उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह में मेरठ, बुलंदशहर और गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के बदमाश शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब 11:45 बजे गढ़मुक्त्ेश्वर कोतवाली पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक आटो आता दिखाई दिया।
6 क्विंटल तार के साथ तीन बदमाश गिरफ्तार
संदेह होने पर पुलिस ने आटो को रोकने का इशारा किया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। वहीं, तीसरे बदमाश को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

पुलिस ने आटो की तलाशी ली तो उसमें करीब छह क्विंटल तार मिला। इसके अलावा दो तमंचे, चार कारतूस व विद्युत लाइन काटने के उपकरण बरामद हुए। घायल बदमाशों की पहचान बुलंदशहर के खानपुर थाना क्षेत्र के गांव नंगला आलमपुर के रहने वाले सुरेंद्र उर्फ सुंदर और गढ़मुक्तेश्वर के शाहपुर चौधरी के रहने वाले दीपक के रूप में हुई।

तीसरे बदमाश की पहचान मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के अतलपुर के रहने वाले और वर्तमान में गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन क्षेत्र में किराये पर रहने वाले शेरू उर्फ जयदीप चौधरी के रूप में हुई।
आरोपियों से पूछताछ जारी
सीओ राहुल यादव ने बताया कि सुरेंद्र उर्फ सुंदर के खिलाफ बुलंदशहर और हापुड़ के विभिन्न थानों में 41 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दीपक के खिलाफ छह और शेरू उर्फ जयदीप चौधरी के खिलाफ 19 मुकदमे पंजीकृत हैं।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई तार चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
