विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में पुलिस मुठभेड़: कपड़ा व्यापारी लूटकांड का मास्टरमाइंड निकला ड्राइवर, तीन बदमाश गिरफ्तार

By Keshav TyagiEdited By: Sonu Suman
Published: Tue, 02 Jun 2026 01:35 AM (IST)

हापुड़ में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक कपड़ा व्यापारी से 16.92 लाख रुपये की लूट के मामले में एक बदमाश ...और पढ़ें

हापुड़ में लूट के मामले में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

हापुड़ में लूट के मामले में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

HighLights

  1. हापुड़ में पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल।

  2. कपड़ा व्यापारी से 16.92 लाख रुपये की लूट।

  3. लूट का मास्टरमाइंड निकला व्यापारी का चालक।

केशव त्यागी, हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अल्लीपुर अंडरपास के निकट सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कपड़ा व्यापारी से 16.92 लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस की गोली पैर में लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश दिल्ली के कांति नगर का रिजवान उर्फ नटू उर्फ मन्नू है। जबकि उसके दो साथियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूट की रकम में से 16.50 लाख रुपये, घटना में प्रयुक्त कार, दो तमंचे और चार कारतूस बरामद किए हैं। जांच में चौंकाने वाला पर्दाफाश हुआ है कि व्यापारी का चालक ही पूरी वारदात का मास्टरमाइंड है।

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात बाबूगढ़ थाना पुलिस संदिग्ध वाहनों और बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान अल्लीपुर अंडरपास के निकट एक कार में सवार संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपित भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसकी पहचान दिल्ली के कांति नगर के रिजवान उर्फ नटू उर्फ मन्नू निवासी कांति नगर, दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी दबोच लिया। इनमें दिल्ली के कांति नगर का निहाल अहमद और कपड़ा व्यापारी का चालक गांधी नगर का लक्ष्य शामिल है।

चालक ने ही रची थी लूट की पटकथा

एसपी ने बताया कि दिल्ली की राजगढ़ कालोनी के कपड़ा व्यापारी रतनलाल जैन 31 मई को मुरादाबाद से करीब 16.92 लाख रुपये का कलेक्शन लेकर दिल्ली लौट रहे थे। उनके साथ चालक लक्ष्य भी मौजूद था। चालक को व्यापारी के कारोबार, कलेक्शन और यात्रा मार्ग की पूरी जानकारी थी। उसे मालूम था कि व्यापारी बड़ी रकम लेकर लौट रहा है।

चालक ने पहले से ही अपने दोनों साथियों निहाल और रिजवान को योजना में शामिल कर लिया था। रास्ते भर वह मोबाइल फोन के जरिए उन्हें व्यापारी की लोकेशन भेजता रहा। जैसे ही व्यापारी की कार बाबूगढ़ क्षेत्र में शिवा ढाबा के पास फ्लाईओवर के निकट पहुंची, तभी बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद तमंचों के बल पर व्यापारी से नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।

तकनीकी साक्ष्यों से खुली साजिश की परतें

एसपी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान चालक की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। पुलिस को पता चला कि वारदात से पहले और घटना के दौरान चालक लगातार अपने साथियों के संपर्क में था। इसके बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क को खंगाला और आरोपितों तक पहुंच गई। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से लूट की रकम में से 16.50 लाख रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त कार, दो तमंचे और चार कारतूस भी बरामद हुए हैं।

भरोसेमंद चालक ही निकला विश्वासघाती

जिस चालक पर व्यापारी ने वर्षों से भरोसा कर रखा था और जिसके हाथों अपनी सुरक्षा व लाखों रुपये की जिम्मेदारी सौंपी थी, उसी पर लूट की साजिश रची। चालक ने लालच में आकर अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया और व्यापारी के विश्वास को तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी में ट्रेनें चल रही लेट, यात्रियों को झेलनी पड़ रही परेशानी; देखें पूरी लिस्ट