पेंशनर्स को बड़ी राहत: अब नहीं लगाने पड़ेंगे ट्रेजरी के चक्कर, घर बैठे मोबाइल से ऐसे जमा करें जीवन प्रमाण पत्र
पेंशनर्स को अब जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए कोषागार के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हापुड़ में 1 से ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर, एआई जनरेटेड
HighLights
पेंशनर्स घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे।
स्मार्टफोन पर फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का उपयोग होगा।
हापुड़ में 1 से 30 नवंबर तक अभियान चलेगा।
जागरण संवाददाता, हापुड़। पेंशन जारी रखने के लिए अब पेंशनर्स को जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने के लिए कोषागार के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। शासन के निर्देश पर जिले में एक से 30 नवंबर तक डिजिटल जीवन प्रमाण माह आयोजित किया जाएगा।
इसके तहत पेंशनर्स स्मार्टफोन के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का इस्तेमाल कर घर बैठे ही अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे। वहीं, पांच नवंबर को राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान भी आयोजित होगा।
वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पेंशनर्स इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर या एप स्टोर से स्मार्टफोन में Aadhaar Face RD (Early Access) एप डाउनलोड करना होगा।
प्रक्रिया पूरी करने के लिए आएगा ओटीपी
इसके बाद Jeevan Pramaan एप डाउनलोड कर आधार और मोबाइल नंबर के माध्यम से पेंशन संबंधी विवरण दर्ज करना होगा। प्रक्रिया पूरी करने के लिए फेस रिकोग्निशन और ओटीपी के जरिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि डिजिटल प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पेंशनर्स कोषागार हापुड़ में किसी भी कार्यदिवस पर संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक पेंशन पटल पर सहायता उपलब्ध रहेगी। अधिकारियों ने सभी पेंशनर्स से निर्धारित अवधि में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।